– विश्व कैंसर दिवस के अवसर ‘यूनाइटेड बाय यूनिक’ थीम पर जनपद में आयोजित होंगे सेमिनार व जागरुकता कार्यक्रम।
आगरा: यदि आपको खाना निगलने में परेशानी होना, मुंह में बार-बार छाले होना, खाना अटकना, पेशाब की आदत में बदलाव, पेशाब रुक-रुक कर आना, अनियमित रक्तस्राव, अधिक थकावट लगना, लंबे समय तक खांसी रहना और खांसने पर खून आना, महिलाओं में गंदे पानी की शिकायत, अपच, पेट का फूलना और बच्चों में बुखार लंबे समय तक रहना, शरीर में गिल्टियां होना, वजन कम होना, भूख न लगने जैसे लक्षण हैं तो सचेत हो जाएं, इन्हें नजरअंदाज नहीं करें। यह कैंसर के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं। नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अपनी स्क्रीनिंग कराएँ। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ॰ अरुण श्रीवास्तव ने विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर दी है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करना है। इस वर्ष विश्व कैंसर दिवस की थीम ‘यूनाइटेड बाय यूनिक’ रखी गयी है। मंगलवार को इसके तहत जनपद की विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों पर कैंसर जागरूकता व जांच शिविर लगाए जाएंगे और लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सीएमओ ने बताया कि आँकड़ों के अनुसार भारत में कैंसर के मरीजों की संख्या में बीते कई साल में वृद्धि हुई है। कैंसर शरीर के विभिन्न भागों में हो सकता है जैसे मुंह का कैंसर, स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर इत्यादि। सही समय पर कैंसर के लक्षणों की पहचान कर इसका उपचार किया जा सकता है। लाइफस्टाइल में बदलाव, नियमित जांच और इस बीमारी के शुरूआती लक्षण को पहचान कर कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को दूर किया जा सकता है।
छूने से नहीं फैलता कैंसर
सीएमओ ने बताया कि कैंसर को लेकर कई लोगों में गलतफहमी भी है कि ये छूने से भी फैलता है। जिसके कारण लोग कैंसर के रोगियों से अच्छा व्यवहार नहीं करते हैं, जो कि पूरे तरीके से गलत है।
गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. पीयूष जैन ने बताया कि मंगलवार को विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न स्कूलों और स्वास्थ्य इकाइयों पर लोगों को सेमिनार और शपथ ग्रहण कार्यक्रम के जरिए कैंसर के प्रति जागरूक किया जाएगा और जनपद में उपलब्ध कैंसर के उपचार के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर अपनी जीवनशैली में सुधार करके और जागरुकता के जरिए कैंसर को मात देने की शपथ भी ली जाएगी।
जिला अस्पताल में बनेगा डे केयर सेंटर
डॉ. पीयूष जैन ने बताया कि जैसा कि केंद्रीय बजट में घोषणा हुई है, आगरा के जिला अस्पताल में जल्दी ही डे केयर सेन्टर का शुभारंभ होगा इसमें भर्ती होकर कैंसर के मरीज अपनी कीमोथेरेपी करा सकेंगे। डॉ. जैन ने बताया कि गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत ग्राम स्तर पर लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग की जा रही है यदि किसी में कैंसर के लक्षण मिलते हैं तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जांच व उपचार के बाद मरीज को जिला अस्पताल भेजा जा सकेगा ।
- सपा-कांग्रेस में सीटों पर घमासान तेज: 200 सीटों की जिद पर अड़ी कांग्रेस, क्या बिखर जाएगा विपक्षी एकता का ताना-बाना? - November 8, 2026
- सपा-कांग्रेस में सीटों पर घमासान तेज: 200 सीटों की जिद पर अड़ी कांग्रेस, क्या बिखर जाएगा विपक्षी एकता का ताना-बाना? - November 8, 2026
- आगरा में 10 साल की बालिका से सामूहिक दुष्कर्म का मामला; पॉक्सो कोर्ट ने पांच साल बाद तीनों दोषियों को सुनाई उम्रकैद और 50-50 हजार का जुर्माना - November 8, 2026