गोरखपुर में बीजेपी को ‘जीरो’ पर लाएंगे… अखिलेश यादव ने सरकार पर बोला हमला, कहा- ‘सीसी’ का मतलब है ‘चंदा चोरी’

POLITICS

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने आर्थिक असमानता, सरकारी नीतियों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर खुलकर बात की।

“भाजपा के लिए धर्म का मतलब धन है”

​अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अमीर और अमीर होता जा रहा है और गरीब और गरीब। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “भाजपा के लिए धर्म का मतलब धन है।” उन्होंने आगामी चुनावों को लेकर हुंकार भरते हुए कहा, “इस बार हम गोरखपुर में बीजेपी को जीरो पर लाने के लिए काम करेंगे। हमने गोरखपुर में नतीजे बदलने का संकल्प लिया है। बहुत जल्द पार्टी संगठन यह तय करेगा कि गोरखपुर में पार्टी की बैठक कब की जाए।”

​”PDA को शिक्षा से दूर रखना चाहती है सरकार”

गोरखपुर की स्थिति पर चिंता जताते हुए सपा प्रमुख ने कहा, “मुख्यमंत्री जी ने गोरखपुर में लगभग 500 प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए हैं। 1500 लोगों की सरकारी नौकरी सीधे-सीधे मुख्यमंत्री जी ने छीन ली। ये PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के लोगों को पढ़ाना नहीं चाहते, जिससे वे आगे न बढ़ पाएं और समाज में सम्मान न पा पाएं।” उन्होंने इस दौरान गोरखपुर में दलितों के खिलाफ अपराध और पब्लिक हेल्थ को लेकर आंकड़े भी प्रस्तुत किए।

​”सीसी का मतलब है चंदा चोरी”

अयोध्या और भाजपा के ‘सीसी’ दावों पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश ने कहा, “भाजपा ने जहां चुनाव में बेईमानी की थी, वहां से सीसीटीवी गायब हो गए। क्योंकि सीसीटीवी से चढ़ावा चोरी का राज खुल जाएगा। सीसी का मतलब है—चंदा चोरी।” उन्होंने आगे कहा, “हम सभी साधु-संतों का सम्मान करते हैं। हमारा धर्म का रास्ता सत्य और दूसरों को सम्मान देने का रास्ता है, इसीलिए PDA में प्रेम, दया और अपनापन भी है। जैसा प्रभु राम बताएंगे, उस रास्ते पर हम लोग चलेंगे।”

उन्होंने अयोध्या में हुए कथित जमीन घोटाले का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वहां दुकानदारों और व्यापारियों को जिस तरह उजाड़ा गया, उससे वे काफी दुखी हैं और सपा से अपनी बात कहने आए थे।

​”भाजपा के कई विधायक हमारे संपर्क में हैं”

जब अखिलेश यादव से विपक्षी दलों द्वारा सपा सांसदों में टूट-फूट की चर्चाओं के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “इससे पहले भी भाजपा ने हमारे विधायक और सांसद तोड़े हैं। जो मजबूत होगा, जो बहादुर होगा, वही भाजपा से हमारी इस लड़ाई में शामिल होगा। रही बात सपा सांसदों के टूटने की, तो भाजपा के कई विधायक हमारे संपर्क में हैं। समय आने पर इसका पता भी चल जाएगा।”

​अखिलेश यादव ने अंत में दोहराया कि समाजवादी लोग पूरी मजबूती के साथ भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं और गोरखपुर में पार्टी के नेता परिणाम बदलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

​अखिलेश यादव की इस प्रेस वार्ता ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर गरमाहट पैदा कर दी है, विशेषकर ‘चंदा चोरी’ के आरोपों और गोरखपुर पर केंद्रित उनकी रणनीति के बाद।

Dr. Bhanu Pratap Singh