प्रयागराज हिंसा: मास्‍टरमाइंड के घर पर बुलडोजर चला तो जयंत भी बोले

प्रयागराज हिंसा: मास्‍टरमाइंड के घर पर बुलडोजर चला तो जयंत भी बोले

POLITICS


उत्तर प्रदेश में जुमे की नमाज के बाद प्रयागराज, हाथरास, फिरोजाबाद आदि जगहों पर हुई हिंसा के बाद अब पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इन सबके बीच इस मसले पर सियासत भी जारी है। आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी ने कहा है, “बुलडोजर कानून का राज लागू नहीं कर रहा, बल्कि यह राज्य प्रायोजित गुंडागर्दी का प्रतीक बन गया है!”
दरअसल, यह बयान तक आया है जब प्रयागराज हिंसा के मास्टरमाइंड मोहम्मद जावेद उर्फ पंप के अवैध घर पर बुलडोजर चल रहा है।
उत्तर प्रदेश पुलिस हिंसा में शामिल लोगों को गिरफ्तार व उन पर कार्रवाई करने में जुटी हुई है। प्रदेश में पुलिस ने अब तक 300 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें प्रयागराज से 91, हाथरस से 51, सहारनपुर से 71, मुरादाबाद से 34, फिरोजाबाद से 15, अलीगढ़ से छह, अम्बेडकरनगर से 34 और जालौन से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इन सभी के खिलाफ पथराव, माहौल बिगाड़ने तथा लोगों को भड़काने में लिप्त होने का आरोप है। बवाल करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार चल रही है। फिलहाल इन सभी जिलों के हिंसा वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था सामान्य है और हालात काबू में हैं।
-एजेंसियां