राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने दावा किया है कि विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल दल लोकसभा चुनाव में साझेदारी के साथ बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए का मुक़ाबला करेंगे.
इंडिया गठबंधन की बैठक कल (19 दिसंबर को) दिल्ली में होनी है. इसमें लालू यादव के अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गठबंधन के दूसरे प्रमुख नेता हिस्सा लेंगे.
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजे आने के बाद ये गठबंधन की पहली बैठक है. भारतीय जनता पार्टी ने हालिया विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया. पार्टी ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बहुमत हासिल कर सरकार बनाई है.
ये चुनाव नतीजे कांग्रेस के लिए बड़े झटके के तौर पर देखे गए. कांग्रेस सिर्फ़ तेलंगाना में अच्छा प्रदर्शन कर सकी.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक बैठक में हिस्सा लेने जा रहे लालू यादव ने पत्रकारों से कहा, “बैठक में जा रहे हैं. सब लोग को मिलकर (चुनाव) लड़ना है.
पीएम की गारंटी के बारे में पूछने पर क्या बोले लालू?
एक पत्रकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ‘मोदी की गारंटी’ के बारे में सवाल किया तो लालू यादव ने जवाब दिया, “रोज यही बात पूछते हैं, क्या हैं नरेंद्र मोदी? (लोकसभा चुनाव में जीतकर) आएंगे तो आओ.”
तीन राज्यों में जीत के बाद बीजेपी ने इसे ‘पीएम मोदी की गारंटी की जीत बताया.’ वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद कई लोग कह रहे हैं कि उनकी सरकार की हैट्रिक पक्की है.”
लालू यादव ने दावा किया, “(दिल्ली में) बैठक है, हम लोग जा रहे हैं. मिलकर (चुनाव) लड़ेंगे और इनको (नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार को) हटाएंगे.”
-एजेंसी
- ज़ाइडस पिंकाथॉन 12 शहरों तक पहुंचा, लक्ष्य 52 शहरों में विस्तार - October 26, 2026
- ‘बीजेपी लाख षड्यंत्र कर ले, गठबंधन को छू भी नहीं सकती…’: ‘200 सीट’ वाले पोस्टर पर यूपी कांग्रेस प्रभारी का करारा जवाब” - October 25, 2026
- कांग्रेस के ‘200 सीट हक’ वाले पोस्टर पर अखिलेश यादव का पलटवार, बोले- ”गठबंधन से बीजेपी के पेट में हुआ दर्द, डर के मारे लगवा रही नकली पोस्टर” - October 25, 2026