प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल के राशन घोटाला मामले में घर की तलाशी और 17 घंटे तक चली पूछताछ के बाद उत्तर-24 परगना ज़िले की बनगांव नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन और टीएमसी नेता शंकर आध्या को गिरफ़्तार कर लिया है.
शुक्रवार को इसी मामले में एक अन्य नेता के घर छापेमारी के दौरान हमले में ईडी के तीन अधिकारी घायल हो गए थे.
वहीं इस घटना पर ईडी ने शुक्रवार की रात एक बयान जारी किया और बताया कि ये हमला कैसे हुआ.
हमले पर आया ईडी का बयान
ईडी ने सोशल मीडिया साइट एक्स (पहले ट्विटर) पर कहा, “पश्चिम बंगाल के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) घोटाले के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय शुक्रवार को उत्तर 24 परगना में टीएमसी संयोजक शाहजहां शेख़ के तीन परिसरों की तलाशी ले रही थी.”
“तलाशी के दौरान इनमें से एक परिसर में, सीआरपीएफ कर्मियों और ईडी की टीम पर 800-1,000 लोगों ने जान लेने के इरादे से हमला किया. उन लोगों के पास लाठी, पत्थर और ईंट जैसे हथियार थे. इस घटना में ईडी के तीन अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल ईडी अधिकारियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.”
“हिंसक भीड़ ने ईडी अधिकारियों के निजी या आधिकारिक सामान जैसे उनके मोबाइल फोन, लैपटॉप, नकदी, वॉलेट आदि भी छीन या लूट या चुरा लिए. साथ ही ईडी के कुछ वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया.”
इस मामले को लेकर राज्य में राजनीति तेज़ हो गई है. पक्ष और विपक्ष के नेता एक दूसरे पर टीका टिप्पणी कर रहे हैं.
राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने शुक्रवार को विधाननगर अस्पताल जाकर घायल ईडी अधिकारियों से मुलाक़ात की और कहा कि इस मामले को यूं ही जाने नहीं दिया जाएगा.
उन्होंने हमले के बाद राज्य के गृह सचिव और DGP को मिलने के लिए बुलाया.
राशन घोटाला मामले में पूर्व खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक पहले से ही जेल में बंद हैं. ईडी ने उन्हें कुछ महीने पहले गिरफ़्तार किया था.
-एजेंसी
- लायंस क्लब आकाश ने गौसेवा के लिए अर्पित किया 250 मन भूसा; फाउंड्री नगर की राधा-कृष्ण गौशाला में मासिक सेवा कार्य - November 20, 2026
- सर्व धर्म ख्वाजा मंदिर में 15वां सरिता ए इंसानियत दो दिवसीय आयोजन 28- 29 नवबंर 2026 को - November 20, 2026
- बल्केश्वर महादेव मंदिर में धूमधाम से संपन्न हुआ तुलसी-शालिग्राम विवाह: देवोत्थान एकादशी पर उमड़े श्रद्धालु - November 20, 2026