लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव क्षेत्र के असर से अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश में बादलों की सक्रियता बढ़ने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव से दिन के तापमान में बढ़ोतरी पर रोक लगेगी और मौसम में स्थिरता लौटेगी। वहीं, रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो गई है।
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव, यूपी में असर शुरू
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के पूर्वी हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित करेगा। इसके चलते 29 अक्तूबर से वाराणसी सहित पूर्वी और दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बादलों की मौजूदगी से दिन की धूप में नरमी आएगी।
2 से 3 डिग्री तक गिरेगा रात का तापमान
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में उठी हलचल के असर से राज्य में बढ़ते दिन के तापमान पर अंकुश लगेगा। अगले तीन से चार दिनों में रात के तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके बाद दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य स्तर पर पहुंच जाएगा।
शुक्रवार को रही धूप, लेकिन गर्मी में कमी की उम्मीद
शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप खिली रही, जिससे हल्की गर्माहट महसूस की गई। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में तापमान सामान्य होते ही सुबह-शाम की ठंडक बढ़ने लगेगी और उत्तर प्रदेश में शरद ऋतु का असर साफ दिखाई देगा।
साभार सहित
- गाजियाबाद में सनसनीखेज वारदात: जिम ट्रेनर प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, ताबड़तोड़ किए चाकू से वार; दोनों गिरफ्तार - October 28, 2026
- “मोदी-योगी को छोड़ा तो माथे पर टीका नहीं बचेगा”,कबीर महोत्सव में बोले योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह - October 28, 2026
- यूपी MLC चुनाव में सपा की बढ़त से गदगद अखिलेश यादव बोले- “बनारस में हार से हताश भाजपा ऑल आउट, लखनऊ वाले नहीं उठा रहे दिल्ली का फोन” - October 28, 2026