मथुरा। रिफाइनरी थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर हाईवे पर बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए बाइक सवार चार बदमाश आगरा के सर्राफा कारोबारी के भांजे से करीब पांच किलोग्राम चांदी लूटकर फरार हो गए। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने एक लुटेरे को मौके पर पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी लूटी हुई चांदी लेकर भागने में सफल रहे।
जानकारी के मुताबिक, आगरा के कचहरी घाट निवासी मनोज कुशवाहा की किनारी बाजार में ज्वेलर्स की दुकान है। उनका भांजा जतिन, निवासी नगला पदी, दयालबाग दुकान पर कार्य करता है। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे जतिन आगरा के कागारौल से एक व्यापारी के यहां से चांदी लेकर उसे लैपटॉप बैग में रखकर कटवाने के लिए बाइक से मथुरा की ओर निकला।
कागारौल से निकलते ही दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लुटेरे उसका लगातार पीछा करते रहे। हाईवे पर बदमाशों ने उसकी बाइक रोकने की कोशिश की, लेकिन जतिन ने खतरा भांपकर बाइक तेज कर दी और सर्विस रोड पर उतर गया। इसके बावजूद लुटेरे पीछे लगे रहे और सीआईएसएफ गेट के पास उसे ओवरटेक कर रोक लिया।
दो बदमाशों ने जतिन को जकड़ लिया, जबकि बाकी दो उसके हाथ से बैग छीनने लगे। विरोध करने पर उन्होंने जतिन की जमकर पिटाई की और चांदी से भरा बैग लूटकर फरार होने लगे। इस दौरान उधर से गुजरते ग्रामीणों को देखते ही जतिन ने जोर से शोर मचाया। ग्रामीण तुरंत सक्रिय हो गए और बदमाशों के पीछे दौड़ पड़े। तीन लुटेरे तो भाग निकले, लेकिन एक लुटेरा ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। लोगों ने उसकी पिटाई कर उसकी बाइक भी कब्जे में ले ली।
सूचना मिलते ही रिफाइनरी थाने के दरोगा सुरेश चंद्र मौके पर पहुंचे और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद रिफाइनरी पुलिस और एसओजी टीम भी मौके पर पहुंची और जतिन के साथ मिलकर फरार तीन लुटेरों की तलाश शुरू कर दी। सभी आरोपी आगरा के निवासी बताये जा रहे हैं। पुलिस टीम दबिश देकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
- ’चलो गाँव की ओर’: लायंस क्लब और आगरा डायबिटीज फोरम ने बलदेव में लगाया मेगा हेल्थ कैंप, 500 मरीजों को मिली राहत - February 22, 2026
- Agra News: वीआईपी रोड पर ट्रैफिक नियमों के उड़े परखच्चे, सनरूफ खोलकर स्टंट करते दिखे युवा, एक्शन की तैयारी - February 22, 2026
- सलाम! विदाई के बाद ससुराल नहीं, सीधे ‘इंटरव्यू’ देने पहुंची दुल्हन; दूल्हे की समझदारी ने पेश की महिला सशक्तिकरण की मिसाल - February 22, 2026