मथुरा। रिफाइनरी थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर हाईवे पर बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए बाइक सवार चार बदमाश आगरा के सर्राफा कारोबारी के भांजे से करीब पांच किलोग्राम चांदी लूटकर फरार हो गए। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने एक लुटेरे को मौके पर पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी लूटी हुई चांदी लेकर भागने में सफल रहे।
जानकारी के मुताबिक, आगरा के कचहरी घाट निवासी मनोज कुशवाहा की किनारी बाजार में ज्वेलर्स की दुकान है। उनका भांजा जतिन, निवासी नगला पदी, दयालबाग दुकान पर कार्य करता है। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे जतिन आगरा के कागारौल से एक व्यापारी के यहां से चांदी लेकर उसे लैपटॉप बैग में रखकर कटवाने के लिए बाइक से मथुरा की ओर निकला।
कागारौल से निकलते ही दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लुटेरे उसका लगातार पीछा करते रहे। हाईवे पर बदमाशों ने उसकी बाइक रोकने की कोशिश की, लेकिन जतिन ने खतरा भांपकर बाइक तेज कर दी और सर्विस रोड पर उतर गया। इसके बावजूद लुटेरे पीछे लगे रहे और सीआईएसएफ गेट के पास उसे ओवरटेक कर रोक लिया।
दो बदमाशों ने जतिन को जकड़ लिया, जबकि बाकी दो उसके हाथ से बैग छीनने लगे। विरोध करने पर उन्होंने जतिन की जमकर पिटाई की और चांदी से भरा बैग लूटकर फरार होने लगे। इस दौरान उधर से गुजरते ग्रामीणों को देखते ही जतिन ने जोर से शोर मचाया। ग्रामीण तुरंत सक्रिय हो गए और बदमाशों के पीछे दौड़ पड़े। तीन लुटेरे तो भाग निकले, लेकिन एक लुटेरा ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। लोगों ने उसकी पिटाई कर उसकी बाइक भी कब्जे में ले ली।
सूचना मिलते ही रिफाइनरी थाने के दरोगा सुरेश चंद्र मौके पर पहुंचे और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद रिफाइनरी पुलिस और एसओजी टीम भी मौके पर पहुंची और जतिन के साथ मिलकर फरार तीन लुटेरों की तलाश शुरू कर दी। सभी आरोपी आगरा के निवासी बताये जा रहे हैं। पुलिस टीम दबिश देकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
- दिल्ली में करोड़ों के सोने की ठगी: आगरा में आधी रात को दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी रेड, तीन आरोपी हिरासत में लेकर रवाना - October 29, 2026
- पश्चिम एशिया संघर्ष में 22 भारतीयों की मौत: विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की, मृतकों में 14 नाविक भी शामिल - October 29, 2026
- डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: बैंक की लापरवाही पर पीड़ितों को मुआवजा देने और जवाबदेही तय करने का निर्देश - October 29, 2026