Dr GS dharmesh MLA

मंत्री डॉ.जीएस धर्मेश ने कहा- सभी बुजुर्गों और विधवाओं को पेंशन, पूर्व विधायक के बारे में बताई ये बात, देखें वीडियो

POLITICS PRESS RELEASE REGIONAL साक्षात्कार

डॉ. भानु प्रताप सिंह
Agra, Uttar Pradesh, India. भारत में उत्तर प्रदेश राज्य के समाज कल्याण राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश का कहना है कि उत्तर प्रदेश में प्रत्येक वृद्ध और विधवा को पेंशन मिलेगी। ऑनलाइन आवेदन करें। उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी। साथ ही भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक के बारे में कहा कि वे पार्टी में ढले नहीं हैं। हमने उनसे लम्बी बातचीत की। प्रस्तुत हैं मुख्य अंशः

सवालः समाज कल्याण विभाग क्या करता है?
जवाबः समाज कल्याण विभाग छात्रवृत्ति प्रदान करता है। वृद्धावस्था पेंशन में पहले 250 रुपये मिलते थे, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 500 रुपये कर दिया है। विधवा पेंशन भी देते हैं। प्रत्येक जिले में आश्रम पद्धति आधारित विद्यालय चलाए जाते हैं। महिला छात्रावास और पुरुष छात्रावास चलाए जाते हैं। अंग्रेजी मीडियम स्कूल चलाते हैं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना हमारा विभाग चलाता है। इस योजना में पहले 35 हजार रुपये दिए जाते थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 51 हजार रुपये कर दिया है। हमारे विभाग द्वारा अधिक योजनाएं संचालित होती हैं। इस कारण अधिक धन आता है।

सवालः क्या आगरा के सभी पात्र विधवा और वृद्धों को शत प्रतिशत पेंशन दी जा रही है?

जवाबः पेंशन के लिए आवेदन की ऑनलाइन व्यवस्था है। ऑनलाइन आवेदन करें। कोई समस्या है तो हमें बताएं, दूर की जाएगी। हमारे पास लोग आते भी हैं। औपचारिकताएं पूरी कराते हैं।

सवालः क्या उत्तर प्रदेश के प्रत्येक विधवा और वृद्ध को पेंशन मिलेगी?

जवाबः बिलकुल मिलेगी। सबको आवेदन करना चाहिए। परिवार के मुखिया की मृत्यु हो जाती है तो परिवार को 30 हजार रुपये दिए जाते हैं। इसी प्रकार से कोई गरीब व्यक्ति अपनी बेटी की अलग से शादी करना चाहता है तो उसे भी 30 हजार रुपये दिए जाते हैं।

सवालः शादी अनुदान योजना में घोटाला हुआ है?

जवाबः यह मामला आगरा का नहीं, मथुरा का है। मेरे पास लोग आए थे। मैंने ही पकड़वाया है। 13-14 करोड़ का घोटाला हुआ है। अनुचित लाभ लिया जा रहा था। मैंने प्रमुख सचिव को जानकारी दी। समाज कल्याण अधिकारी निलंबित हुआ। 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।

सवालः समाज कल्याण विभाग में सर्वाधिक घोटाले होते हैं?

जवाबः ऐसा नहीं है। जहां शिकायत आती है तो पकड़े जाते हैं। हर समाज कल्याण अधिकारी ऐसा नहीं है। मनुष्य की प्रकृति पर निर्भर करता है भ्रष्टाचार। कोई नौकरी को भ्रष्टाचार का माध्यम बना लेता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होती है।

सवालः छावनी क्षेत्र पर सरकार और संगठन की बड़ी कृपा है। जैसे बेबीरानी मौर्य राज्यपाल बन गईं। रामबाबू हरित अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन बन गए, इसका क्या कारण है?

जवाबः इसका आंकलन तो पार्टी करेगी। जो जिस योग्य होता है, उसे वह काम दिया जाता है। पार्टी की रीति-नीति यह है कि अगर छह एमएलसी बनाने हैं तो हर जाति को समायोजित करने का प्रयास किया जाता है। मैं नए अध्यक्ष और सदस्यों को बधाई देता हूँ। डॉ. रामबाबू हरित के शपथ ग्रहण समारोह में मुझे रहना था, लेकिन महोबा से रात्रि डेढ़ बजे आगरा आ पाया, इस कारण कार्यक्रम में नहीं जा सका।

सवालः कुछ लोगों को आपके समकक्ष खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है, ऐसा नहीं लगता क्या आपको?

जवाबः ऐसा नहीं है। कोई किसी के समकक्ष खड़ा नहीं हो सकता है। कार्य से खड़ा होता है। बाबा साहब अपनी योग्यता के आधार पर आगे बढ़े जबकि उनके खिलाफ तमाम प्रोपगंडा किया गया। मेरे काम का भी आंकलन होता है। मेरे खिलाफ कोई शिकायत नहीं है। भ्रष्टाचार का आऱोप नहीं है। अपराधियों को संरक्षण नहीं देता हूँ। ईमानदारी से काम करता हूँ। पूरे आगरा की जनता जानती है। मैं विधायक बन गया, मैंने विकास कार्य नहीं कराए होते और पब्लिक की समस्या दूर न कराता तो पार्टी आंकलन करती। सब रिपोर्ट कार्यकर्ता पहुंचाते हैं।

सवालः आपके पूर्ववर्ती विधायक ने आपको हराने का षड्यंत्र रचा, फर्जी वोटिंग कराई, फर्जी वोट बढ़वाए, आपने पकड़े, फिर भी उन्हें भाजपा में शामिल कर लिया। इसका क्या मतलब है?

जवाबः पार्टी में तो कोई भी आ जाता है। हमारी पार्टी की अलग सोच है। सबका स्वागत है। कंडीशनल जॉइनिंग नहीं होती है कि मुझे विधायक बना दो। आज वे आ गए हैं तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है। वे भाजपा की रीति-नीति में ढले हैं या नहीं, इसका आकलन पार्टी करेगी

सवालः वे पार्टी में ढले नहीं हैं?

जवाबः इस बात पर मैं कमेंट नहीं कर सकता है। लोगों की रिपोर्ट के आधार पर मेरा ऐसा मानना है कि वे ढले नहीं हैं।

सभासद से मंत्री तक का सफर

योगी सरकार में मंत्री बनाए गए डॉ. गिर्राज सिंह धर्मेश (डॉ. जीएस धर्मेश) आगरा छावनी विधानसभा सीट से विधायक हैं। भाजपा विधायक डॉ.धर्मेश के परिवार में तीन बेटे और एक बेटी है। उनकी पत्नी का नाम सरला धर्मेश है। उनका एक बेटा चिकित्सक है। विधायक डॉक्टर जीएस धर्मेश ने वर्ष 1994 में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। इससे पहले वह कांग्रेस पार्टी में थे। साल 1989 के नगर निगम के सभासद चुनाव में वह जीते थे। 2017 के चुनाव में डॉ.जीएस धर्मेश ने छावनी विधानसभा सीट से 45,000 वोटों से जीत दर्ज की थी। इसी सीट पर वह 2012 में करीब पांच हजार से अधिक वोटों से चुनाव हार गए थे। 

Dr. Bhanu Pratap Singh