durga shankar mishra IAS

भारतीय उद्योग एवं व्यापार सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा- आगे बढ़ना है तो स्मार्टली सोचें, तकनीक को हथियार बनाएं

BUSINESS

Live Story Time

Agra, Uttar Pradesh, India,उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने भारतीय उद्योग एवं व्यापार  सम्मेलन के द्वतीय दिवस का शुभारंभ किया। उन्होंने उद्योगपतियों को सलाह दी- आगे बढ़ना है तो स्मार्टली सोचें, तकनीक को हथियार बनाएं, समस्या नहीं समाधान की तरफ सोचें। उत्तर प्रदेश सर्वाधिक युवाओं का प्रदेश है। इन युवाओं की लगन और मेहनत से प्रदेश विभिन्न उद्योगों का हब बनने की ओर है। सम्मेलन में उद्योगों से जुड़ी समस्या, समाधान और विकास पर मंथन हुआ है।

सम्मेलन का शुभारंभ होटल जेपी पैलेस में मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश दुर्गा शंकर मिश्र केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, उद्यमी पूरन डावर, चैम्बर के अध्यक्ष राजेश गोयल, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राकेश गर्ग, कार्यक्रम के कर्ताधर्ता मनीष अग्रवाल आदि अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र को आगरा आगमन पर सर्किट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कॉन्क्लेव की थीम “पुरातन, वर्तमान व भविष्य पर चिंतन” विषय बोलते हुए कहा- भारत का अतीत, उसका पुरातन भव्य, गौरवशाली रहा है। हम विश्व की 25 प्रतिशत जीडीपी पर अधिकार रखते थे, फिर गुलामी का एक लंबा वक्त रहा।  पुरातन काल में मौर्य, गुप्त, चोल, पांडय आदि साम्राज्यों के समय जावा, सुमित्रा तक, पूर्व से पश्चिम एशिया तक व्यापार पर एकाधिकार किया था। वर्तमान में पिछले 9 वर्ष में स्फूर्ति आई है। यद्यपि कोविड ने सब बर्बाद किया फिर भी हम विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था बने। अमेरिका की लगभग 24 प्रतिशत, चीन की 12-13, जर्मनी की लगभग 5 प्रतिशत और आज हम 3 प्रतिशत जीडीपी धारण करते हैं।

उन्होंने भारत के विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था बनने पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जो स्लोगन दिए गए यथा मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत ये सिर्फ शब्द नहीं वास्तविकता है। आज हमें ये स्लोगन सच होते नजर आते हैं। डिजिटल इंडिया का प्रभाव हमने कोविड़ के समय देख चुके हैं। कोविड के समय विशेषज्ञों ने कहा था कि भारत में भारी नुकसान होगा, लेकिन हमने सफलतापूर्वक अपने सभी लोगों को वैक्सीन लगाई और तमाम देशों को भी भेजा और कोविड पर विजय प्राप्त की।
मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा कि आज भारत में 900 किमी मेट्रो चल रही है तथा 1200 किमी पर मेट्रो कार्य प्रगति पर है। पहले रेल के कोच, तकनीकी सभी विदेश से आती थी, आज मेक इन इंडिया द्वारा ज्यादातर तकनीकी स्वदेशी है। मेट्रो निर्माण में भी स्वदेशी तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है।

A manikandan IAS
सम्मेलन में उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी ए मणिकंडन एवं अन्य अधिकारी व उद्यमी

मुख्य सचिव ने स्मार्ट सिटी पर बात रखते हुए कहा कि 100 स्मार्ट सिटी में हुए कार्यों से व्यवस्था बदली है। लोगों की जिंदगी आसान हुई है। आज हमारा वर्तमान तेजी से विकास को प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा था कि ये अमृत काल की प्रथम बेला है, 15 अगस्त 2047 तक पंच प्रण के संकल्प पर चलकर अमेरिका, जर्मनी, की तरह अगले 25 वर्ष में विकसित भारत बनाएंगे।
श्री मिश्र ने आगरा में संपन्न हुए जी-20 सम्मेलन की चर्चा करते हुए कहा कि आगरा में इतने विकास कार्य हुए कि जी-20 देशों के मेहमान अभिभूत हुए। उन्होंने हाल ही में वनारस में संपन्न जी-20 सम्मेलन का भी उदाहरण देते हुए कहा कि गंगा आरती, सारनाथ की यात्रा से मेहमान अभिभूत ही नहीं हुए उन्होंने बढ़ते भारत की ताकत व धमक महसूस की।

industrialist
सम्मेलन में उपस्थित मुख्य उद्यमी

उन्होंने कहा कि आगे 25 वर्ष में विकसित भारत बनने वाला है और इसे आप जैसे उद्योगपति, युवा, स्टार्टअप प्रारंभ करने वाले हम सभी नागरिक मिलकर बनाएंगे। हमारा देश यदि युवाओं का देश है, तो राज्यों में उत्तर प्रदेश सर्वाधिक युवाओं का प्रदेश है। इन युवाओं की लगन और मेहनत से प्रदेश विभिन्न उद्योगों का हब बनने की ओर है। उन्होंने बताया कि  36 लाख करोड़ रुपये के निवेश के लिए एमओयू हो चुके हैं, जिनकी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी अगस्त-सितंबर में होगी। पंच प्रण के संकल्प पर चलकर 2030 तक भारत को विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है। जब भारत 5 ट्रिलियन की इकोनॉमी बनेगा तब उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने लक्ष्य मुख्यमंत्री योगी जी ने रखा है। उन्होंने उपस्थित उद्योगपतियों से आह्वान करते हुए कहा कि इस संकल्प को सिद्ध करने में आपका भी कर्तव्य है, जिम्मेदारी है, आगे आएं और अपना योगदान दें।

मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने ग्लोबल समिट के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पहले कोई निवेशक उत्तर प्रदेश नहीं आता था, अब 36 लाख करोड़ के निवेश के एमओयू हुए हैं और ये सभी निवेश 2 से 3 वर्ष में धरातल पर लाएंगे। आप कल्पना कीजिए तब यूपी कैसा होगा। उन्होंने कहा कि हमने 25 से ज्यादा आईटी, टेक्सटाइल, पर्यटन की नीतियों का रिव्यू किया और सर्वोत्तम पॉलिसी बनाई। आज यूपी में सर्वाधिक मेट्रो, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, एक्सप्रेस वे, भारत का प्रथम जलमार्ग वनारस से हल्दिया है।  हाल ही में 22 यूनिवर्सिटी की अनुमति दी है। उत्तर प्रदेश में उर्वरा जमीन तैयार हो रही है। नागरिकों का जीवन स्तर ऊपर उठाने को कार्य किए जा रहे हैं। आप सभी समाधान पर अपना ध्यान केन्द्रित करें न कि समस्या पर। कैसे उद्योग को आगे बढ़ाएं, टेक्नोलॉजी की ताकत पहचानें, ये सबसे बड़ा हथियार है। तकनीकि से समाधान खोजें। यूपी स्टार्टअप का घर बन रहा है। नवोन्मेष करें। आज यूपी में इनोवेशन का पूरा वातावरण है। स्मार्ट शहर, उसमें रहने वाले स्मार्ट नागरिकों से बनता है, स्मार्ट सोचें तभी स्मार्ट शहर बनेगा।

durga shankar mishra
मंचासीन हैं बाएं से पूरन डावर, डीएम नवनीत सिंह चहल, केन्द्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल. मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, राजेश गोयल और राकेश गर्ग।

श्री मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश राम, कृष्ण, नैमिषारण्य, अयोध्या की भूमि है। हमारा पुरातन स्वर्णमय था। वर्तमान की चुनौतिया पर काम कर रहे हैं। भविष्य अच्छा होगा।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कहा–  पहले की सरकारों में व्यापारी की मकान, दुकान, परिवार कुछ भी सुरक्षित नहीं था। आज योगी सरकार ने गुंडाराज समाप्त कर दिया है। प्रदेश में उद्योग और निवेश का माहौल है। योगी सरकार लॉ एंड ऑर्डर का स्वर्ण युग है। आज व्यापारियों के लिए लालफीताशाही नहीं, लालकालीन बिछाई जाती है। उन्होंने मुख्य सचिव से हाईकोर्ट खंडपीठ के संबंध में कहा कि इसके लिए हाईकोर्ट को प्रस्ताव भेजना होता है। बैराज के संबंध में कहा कि यह अप या डाउन स्ट्रीम में बने, इस बारे में जल विशेषज्ञ निर्णय करें। आगरा में बैराज का निर्माण होना चाहिए। उन्होंने बताया कि जल्द ही आगरा से कोलकाता और गोवाहाटी के लिए हवाई यात्रा की सुविधा मिलेगी।

कॉन्क्लेव में 20 से अधिक विभिन्न उद्योगों यथा एग्रीकल्चर, फूड प्रोसेसिंग एंड कोल्ड चैन, वेयरहाउस, पॉलीमर प्रोसेसिंग, पावर सेक्टर, फाउंड्री एंड इंजीनियरिंग आटोमोबाइल, रियल एस्टेट इन्फ्रास्ट्रक्चर उद्योग,फुटवियर इंडस्ट्री, सर्राफा, गारमेंट एंड टैक्सटाइल इंडस्ट्री, हैंडिक्राफ्ट एंड स्टोनक्राफ्ट, दरी, कारपेट इंडस्ट्री, प्रिंटिंग पब्लिकेशन एंड पैकेजिंग इंडस्ट्री से जुड़ी समस्या, समाधान और विकास पर चिंतन किया गया।

durga shankar mishra
आगरा मेट्रो के कार्यों का निरीक्षण करते उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र।

मुख्य सचिव ने निर्माणाधीन ताज ईस्ट मेट्रो स्टेशन का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय यूपी मेट्रो एमडी सुशील कुमार सिंह ने मुख्य सचिव को आगरा मेट्रो के संपूर्ण प्लान से अवगत कराया। आगरा मेट्रो के विकास की अब तक की यात्रा को चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से दिखाया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि अगले माह तक 2 स्टेशन पूर्णतः बनकर तैयार हो जाएंगे। भूमिगत मेट्रो के शीघ्र कार्य हेतु एक टीबीएम मशीन और बढ़ाई जा रही है। 6 किमी के प्राथमिकता वाले मेट्रो को जनवरी में शुभारंभ कर दिया जाएगा।

आगरा के पानी ने बाल सफेद कर दिए फिर भी आगरा और आगरा वालों से बेहद प्यार, ऐसे हैं यूपी के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, देखें वीडियो

Dr. Bhanu Pratap Singh