durga shankar mioshra IAS

आगरा के पानी ने बाल सफेद कर दिए फिर भी आगरा और आगरा वालों से बेहद प्यार, ऐसे हैं यूपी के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, देखें वीडियो

लेख

डॉ. भानु प्रताप सिंह

Live Story Time

Agra, Uttar Pradesh, India. आगरा के पानी ने उनके बाल जल्दी सफेद कर दिए। फिर भी आगरा वालों से बेहद प्यार है। आगरा का नाम आते ही चक्षु चमक उठते हैं। आज भी वही मुस्कुराहट। वही गर्माहट। वही सहजता। वही सरलता। यह क्रम पिछले 27 साल से सतत चल रहा है। आगरा वालों के लिए तो वे हर समय उपलब्ध हैं।

बात कर रहा हूँ श्री दुर्गा शंकर मिश्र की

मैं कोई पहेलियां नहीं बुझा रहा हूँ। मैं बात कर रहा हूँ श्री दुर्गा शंकर मिश्र की। आगरा के कलक्टर रहे दुर्गाशंकर मिश्र की। भारत सरकार के सचिव रहे दुर्गा शंकर मिश्र की। अब उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र की। पर्यटन विभाग में विशेष सचिव के बाद उन्होंने 17 नवम्बर, 1996 को आगरा के जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने पहली प्रेसवार्ता में ही आगरा का विकास पर्यटन को केन्द्र में रखकर करने की बात कही थी। फिर उन्होंने आगरा में जो कुछ किया, वह सबके सामने है। प्रमुख रूप से क्लीन आगरा-ग्रीन आगरा, हरे रंग के दिशासूचक, एमजी रोड और माल रोड पर चौराहों की निजी संस्थाओं के माध्यम से सुंदरीकरण, पॉलीथिन का प्रयोग बंद करने के प्रति संवेदीकरण, खेरिया हवाई अड्डा से ताजमहल तक सभी भवनों लाल रंग, अतिक्रमण हटाकर ताजमहल के आसपास के निवासियों को बेदखल होने से बचाना आदि- आदि।

खड़े होकर अभिवादन

17 जून को भारतीय उद्योग व्यापार सम्मेलन का द्वितीय सत्र के उद्घाटन समारोह में आए। हर कोई उन्हें अपने निकट बता रहा था। उनके साथ फोटो खिंचवाने, सेल्फी लेने, सम्मानित करने की मानो होड़ ही मच गई। मंच पर यूं तो कई हस्तियां विराजमान थीं लेकिन सबको दिखाई दे रहे थे तो सिर्फ दुर्गाशंकर मिश्र। सबके पास बताने के लिए कोई न कोई किस्सा था। तभी तो सिर्फ दुर्गा शंकर मिश्र का ही लोगों ने खड़े होकर अभिवादन किया।

समय के पाबंद

श्री दुर्गा शंकर मिश्र की प्रशंसा करना चाहूँगा कि वे समय के बड़े पाबंद हैं। पूर्वाह्न 11 बजे कार्यक्रम स्थल पर आ गए थे। उन्होंने आते ही कहा था कि एक बजे चले जाएंगे। करीब 20 मिनट तक उन्होंने संबोधन दिया। कई बार आगरा का उल्लेख किया। पर्यटन, ताजमहल, पर्यटकों का रात्रि प्रवास, सुरक्षा आदि मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि तब तो पर्यटन पुलिस भी नहीं थी। आज पर्यटन पुलिस है तो आप लोग (पर्यटन व्यवसायी) निगरानी करें।

गंगाजल, स्मार्ट सिटी मिश्रा जी का देनः प्रो. एसपी सिंह बघेल

आगरा के सांसद और केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने श्री दुर्गा शंकर मिश्र के बारे में कहा- आज हम जो गंगाजल पी रहे हैं, वह दुर्गाशंकर मिश्र की देन है। हमारे ही समकक्ष शहर अभी स्मार्ट सिटी में नहीं आए हैं और उन्होंने आगरा को स्मार्ट सिटी बनवाया है। आगरा के मेट्रो के मामले में बहुत व्यवधान थे। अगर दुर्गा शंकर मिश्र आगरा के कलक्टर न रहे होते और आगरा से प्यार न होता आगरा मेट्रो न आ पाती। आप क्या समझते हैं कि राजनेता ही शहर से प्यार करते हैं, अधिकारी जो लम्बे समय तक रहता है, उसे भी प्यार हो जाता है। मेट्रो के व्यवधान के बारे में मुझे पता है क्योंकि उन दिनों मैं अरबन डवलपमेंट कमेटी में था और हर 15 दिन बाद मुलाकात होती थी। मेट्रो के लिए धन्यवाद है। अभी यमुना पार के लिए 577 करोड़ रुपये की फाइल की है। आगरा के अधिकारी प्रार्थनापत्र में लिखते थे कि आगरा का पानी सूट नहीं कर रहा है इसलिए ट्रांसफर कर दिया जाए, मिश्रा जी के जो सफेद बाल आप देख रहे हैं, ये उसी दौरान 30 परसेंट हो गए थे। दुर्गा शंकर जी ने क्लीन आगरा-ग्रीन आगरा शुरू किया जिसमें हमारे मेयर साहब ने नवीन आगरा जोड़ दिया। मैं धन्यवाद देने के साथ कृतज्ञता ज्ञापित करूंगा।

होटल के पोर्च तक

कार्यक्रम के बाद जब वे होटल जेपी पैलेस के पोर्च तक पहुंचे तो भीड़ उनके पीछे-पीछे थी। कार में बैठने तक लोग उनसे निकटता प्रदर्शित कर रहे थे। यहां से वे निर्धारित कार्यक्रमानुसार आगरा मेट्रो का निरीक्षण करने चल दिए। बता दें कि दुर्गा शंकर मिश्र को मेट्रो मैन के नाम भी से जाना जाता है। आ देश में अगर मेट्रो का जाल बिछ रहा है तो यह उन्हीं की सोच का परिणाम है। यह बात उन्होंने अपने उदबोधन में भी कही। इस बात पर खुशी जाहिर की कि मेट्रो पूरी तरह स्वदेशी है। वह समय चला गया जब कोच विदेश से बनकर आया करते थे।

‘मेट्रो मैन’ के नाम से भी प्रसिद्ध उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र का जबर्दस्त इंटरव्यू, पढ़िए रोचक और प्रेरक कहानी

मैं आपनी बात का समापन वसीम बरेलवी के इस शेर के साथ करना चाहता हूं, जो श्री दुर्गा शंकर मिश्र पर सटीक बैठता है-

जहाँ रहेगा वहीं रौशनी लुटाएगा

किसी चराग़ का अपना मकाँ नहीं होता

Dr. Bhanu Pratap Singh