लखनऊ। नवाबों के शहर के नाम से प्रसिद्ध उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। यूनेस्को (UNESCO) ने लखनऊ को “क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी” (Creative City of Gastronomy) के रूप में नामित किया है। यह सम्मान उन शहरों को दिया जाता है जो अपने विशिष्ट खानपान, सांस्कृतिक विविधता और नवाचार के जरिए विश्व भर में प्रेरणा बनते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस गौरवशाली उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा “लखनऊ एक जीवंत संस्कृति का प्रतीक है, जिसके मूल में एक शानदार पाक-कला संस्कृति है। मुझे खुशी है कि यूनेस्को ने लखनऊ के इस पहलू को मान्यता दी है। मैं दुनिया भर के लोगों से लखनऊ आने और इसकी विशिष्टता को जानने का आह्वान करता हूँ।”
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा — “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में भारत की परंपरा, संस्कृति और मूल्यों को वैश्विक पहचान मिल रही है। लखनऊ का यह सम्मान प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई!”
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी इस उपलब्धि को भारत की पाक विरासत का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि लखनऊ की वैश्विक प्रतिष्ठा को बढ़ाती है और संस्कृति आधारित आर्थिक विकास व अंतरराष्ट्रीय सहयोग के नए रास्ते खोलेगी।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जय वीर सिंह ने कहा “यह उत्तर प्रदेश के लिए गौरवशाली क्षण है। लखनऊ की समृद्ध परंपरा, तहज़ीब और आतिथ्य संस्कृति की यह अंतरराष्ट्रीय पहचान है। यह उपलब्धि प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र के विस्तार में मील का पत्थर साबित होगी।”
यूनेस्को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क में शामिल होकर लखनऊ अब उन चुनिंदा शहरों की सूची में आ गया है, जो अपनी रसोई संस्कृति, नवाचार और स्वाद के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं।
साभार सहित
- राजनीतिक बदले की भावना से पिछले 13 सालों से पड़े हैं पीछे: 10 साल की सजा सुनाए जाने के बाद तरुण तेजपाल का बयान, सुप्रीम कोर्ट जाने का किया ऐलान - August 6, 2026
- तरुण तेजपाल रेप केस में दोषी करार, बॉम्बे हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट का फैसला पलटा, सजा पर अलग से होगी सुनवाई - August 6, 2026
- आगरा में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई: ‘पैसा लो’ फाइनेंस कंपनी के पांच ठिकानों पर सर्वे, 30 से अधिक अधिकारियों की टीमें वित्तीय दस्तावेजों की जांच में जुटी - August 6, 2026