लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार की देर रात आठ आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। प्रशासनिक फेरबदल में कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियाँ की गई हैं। शासन ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
नियोजन विभाग की सचिव एवं महानिदेशक अर्थ एवं संख्या सेल्वा कुमारी जे. को अब प्राविधिक शिक्षा की सचिव एवं महानिदेशक बनाया गया है। वहीं, प्रतीक्षारत चल रहे समीर वर्मा को सचिव नियोजन विभाग एवं महानिदेशक अर्थ एवं संख्या की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रतीक्षारत प्रभु नारायण सिंह को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम नियुक्त किया गया है। वहीं, परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर को उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बनाया गया है।
इसी क्रम में, आशीष कुमार, जो अब तक विशेष सचिव, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के पद पर थे, उन्हें प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम में तैनात किया गया है।
कानपुर नगर निगम के आयुक्त सुधीर कुमार को हटाकर विशेष सचिव, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग तथा अपर महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है। उनकी जगह रायबरेली के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अर्पित उपाध्याय को कानपुर नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
वहीं, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की सचिव अंजुलता को रायबरेली की मुख्य विकास अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
इस प्रशासनिक फेरबदल को सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी व पारदर्शी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
(रिपोर्ट: लखनऊ ब्यूरो)
- आगरा के बरहन में मेड़ काटने को लेकर दो पक्षों में हुई भिड़ंत, तमंचा लहराते युवक का वीडियो वायरल, 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज - June 18, 2026
- आगरा दीवानी कचहरी के बाहर सनसनी: तारीख पर आई बहू को ससुरालियों ने घेरा, सड़क पर गिराकर पीटा, गला दबाने का आरोप - June 18, 2026
- सिंगापुर के वैश्विक मंच पर चमकी ताजनगरी: मेयर हेमलता दिवाकर ने संस्कृति मंत्री को भेंट की ताजमहल की प्रतिकृति, दिया आगरा आने का न्योता - June 18, 2026