पंचायत चुनाव से पूर्व मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा, एसडीएम से शिकायत

NATIONAL POLITICS REGIONAL साक्षात्कार

Agra (Uttar Pradesh, India)। पंचायत चुनाव से पूर्व जनपद आगरा की विकास खंड अकोला की ग्राम पंचायत मनियां में मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा पाया गया है। 26 ग्रामीणों ने फर्जी तरीके से वोट लिस्ट में अपना नाम बढ़वा लिया है। जबकि वह 40 वर्ष से गांव में नही रह रहे हैं। इसकी जानकारी होने पर ग्राम प्रधान ने सोमवार को अपने लेटर हेड पर इसकी शिकायत एसडीएम किरावली से की है। एसडीएम ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

ये है मामला
ग्राम पंचायत मनियां की ग्राम प्रधान सविता देवी के अनुसार गांव के एक परिवार के 85 सदस्य 40 वर्षो से धनौली के नगला बुद्धा में रहते है। नगला बुद्धा की मतदाता सूची में ही उनके नाम शामिल है। वहीं के पते पर राशन कार्ड व बिजली कनैक्शन है। नगला बुद्धा से ही लोकसभा व विधानसभा चुनाव में मतदान करते है। सविता देवी ने आरोप लगाया है कि ये लोग कई वर्षो से फर्जी तरीके से गांव के पंचायत चुनाव में वोट डाल रहे हैं।

बीएलओ ने मतदाता सूची से हटाये नाम
बीएलओ ने वर्ष 2015 के पंचायत चुनाव से पूर्व कई वर्षो से गांव में नहीं रहने वाले ग्रामीणों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए थे। नाम हटने के बाद भी गांव से बाहर रहने वाले 26 ग्रामीणों ने फर्जी तरीके से मतदाता सूची में अपने नाम बढ़वा लिए हैं। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों ने इसकी शिकायत ग्राम प्रधान सविता देवी से की।

ग्राम प्रधान ने एसडीएम से की शिकायत
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए ग्राम प्रधान सविता देवी संभ्रात ग्रामीणों के साथ सोमवार को एसडीएम किरावली सुमित सिंह से मिलने पहुंची। प्रधान सविता देवी ने अपने लेटर हेड पर शिकायती पत्र एसडीएम को सौंपा। प्रधान ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि यह लोग पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान प्रत्याशी से रुपए लेकर अपनी वोट बेच देते है। पंचायत चुनाव का माहौल खराब करते है। झगड़े की संभावना बनी रहती है। ग्राम प्रधान ने एसडीएम से मतदाता सूची में फर्जी तरीके से बढ़ाए गए नामों को हटवाने की मांग की है।

ये बोले उपजिलाधिकारी
उप जिलाधिकारी किरावली सुमित सिंह ने बताया है कि प्रधान ने मतदाता सूची में फर्जी तरीके से नाम बढ़वाने की शिकायत की है। मामले में जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।