मलपुरा में व्यापारी के घर में खुली पड़ी अलमारी

आगरा में व्यापारियों को निशाना बना रहे चोर, सूने घर से हुई लाखों की चोरी, पुलिस के खिलाफ भारी गुस्सा

Crime REGIONAL

घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर, सोने व चांदी के आभूषण किए पार

Agra (Uttar Pradesh, India). आगरा में शहर से लेकर देहात क्षेत्र में चोर बेखौफ होकर व्यापारियों को अपना निशाना बना रहे हैं। देहात क्षेत्र में ज्यादातर घटनाएं अछनेरा सर्किल के थाना क्षेत्र में हो रही हैं। पांच दिन पूर्व चोर थाना अछनेरा क्षेत्र के कस्बा किरावली में एक व्यापारी के घर से लाखों रुपए के आभूषण व नकदी चुरा ले गए थे। वहीं रविवार रात को चोरों ने कस्बा मलपुरा निवासी एक किराना व्यापारी ​के सूने घर को अपना निशाना बना लिया। चोर व्यापारी के घर से सोने व चांदी के जेवरात व नकदी चुरा ले गए। मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। वहीं व्यापारियों में पुलिस के​ खिलाफ रोष है।

ये है घटना
कस्बा मलपुरा निवासी राजकुमार मित्तल किराना व्यापारी है। उसकी कस्बे में ही जगनेर रोड़ पर किराने की दुकान है। वह रविवार दोपहर को अपनी पत्नी मीरा तथा बेटा सुमित और शिवम व बेटी शिवानी के साथ किसी काम से धौलपुर के कस्बा वाडी में गए थे। घर पर कोई नहीं था। घर का ताला लगा हुआ था। रात को व्यापारी के सूने घर को चोरों ने अपना निशाना बना लिया। चोर सोने व चांदी के जेवरात तथा नकदी लेकर भाग गए।

व्यापारी के उड़े होश
सोमवार सुबह 11 बजे वह वाडी से लौटकर घर पर आए। घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। इससे व्यापारी के होश उड़ गए। शोर सुनकर पडोसी घर पर आ गए। राजकुमार ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। सूचना मिलते ही मौके पर मलपुरा पुलिस आ गई। पुलिस ने पीड़ित व्यापारी से पूछताछ की। ​व्यापारी ने पुलिस को बताया है कि चोर उसके घर से 70 हजार रुपए नकद, एक सोने की अंगूठी, चार जोडी कुंडल, दो जोडी चांदी के ​बिछुआ, तीन जोडी चांदी की पायजेब समेत करीब दो लाख रुपए के जेवरात ले गए हैं।

घटना से व्यापारियों में रोष
वहीं चोरी की घटना से कस्बे के व्यापारियों में पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त है। व्यापारियों ने कहा है कि आगरा में आए दिन चोर व्यापारियों को अपना निशाना बना रहे हैं। रोजाना व्यापारियों के साथ घटना हो रही ​हैं। हाल ही में बदमाशों ने पिनाहट में लूट के बाद व्यापारी दंपति की हत्या कर दी है। इससे पूर्व अछनेरा थाने के कस्बा किरावली में एक व्यापारी के घर से लाखों रुपए के जेवरात व नकदी चोरी हो गई है। आगरा में चोर बेखौफ होकर व्यापारियों के घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

ये बोले पुलिस अधिकारी
थानाध्यक्ष मलपुरा तेजवीर सिंह ने बताया है कि मामले में पीड़ित व्यापारी ने तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस चोरों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।