आगरा। भारतीय संस्कृति में गुरु को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। गुरु ही अपने ज्ञान, साधना और संस्कारों से शिष्य के व्यक्तित्व को निखारकर उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। इसी गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा को सम्मानित करने के उद्देश्य से आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ़ यूपी द्वारा आगामी 4 अगस्त को ‘गुरु शिल्पी सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा।
इस समारोह की औपचारिक घोषणा एवं आमंत्रण पत्र का विमोचन शुक्रवार को करकुंज रोड, आवास विकास स्थित भगत हलवाई रेस्टोरेंट में दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
संस्था के महासचिव कमलप्रीत सिंह ‘शैंकी’ ने बताया कि गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा है। जीवन में ज्ञान, शिक्षा, कला, संस्कार और व्यक्तित्व का विकास कराने वाले गुरु सदैव वंदनीय और सम्माननीय होते हैं। आगरा की सांस्कृतिक धरती पर ऐसे अनेक गुरु हैं जिन्होंने अपनी कला और साधना से राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई है। उनके शिष्य आज देश-विदेश में भारतीय संस्कृति और कला का परचम लहरा रहे हैं। ऐसे ही समर्पित गुरुओं को सम्मानित करने का उद्देश्य इस समारोह का मूल भाव है।
उन्होंने बताया कि आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ़ यूपी पिछले कई वर्षों से शास्त्रीय संगीत, नृत्य, वादन, लोककलाओं, रंगमंच और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था समय-समय पर संगीत समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कार्यशालाएं, युवा कलाकारों के प्रशिक्षण कार्यक्रम, गुरु-शिष्य संवाद, प्रतिभा सम्मान समारोह तथा नवोदित कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने जैसे अनेक रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करती रही है।
संस्था का उद्देश्य वरिष्ठ कलाकारों के अनुभव को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त बनाना है।
उपाध्यक्ष मंजरी शुक्ला ने बताया कि 4 अगस्त को आयोजित होने वाले समारोह में शास्त्रीय गायन, वादन एवं नृत्य से जुड़े वरिष्ठ गुरुजन और कलाकारों को ‘गुरु शिल्पी सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा। सम्मानित होने वाली विभूतियों में डॉ. रवि भटनागर, प्रतिभा तलेगांवकर, सुधीर नारायण, सदानंद भट्ट, मुरली तिवारी, गौतम तिवारी, सुभाष सक्सेना, शोबी माथुर, रविंद्र तालेगांवकर, पं. डॉ. देवाशीष गांगुली, अमान खान, गजेंद्र चौहान, वीरेंद्र भान गुप्ता, शुभाशीष गांगुली, डॉ. नीलू शर्मा, मनीष प्रभाकर, रमेश प्रभाकर, नंदन गुरु, फ्रांसिस मरिंडा, पुरुषोत्तम मयूरा, टोनी फास्टर, रोशनी गिडवानी तथा ज्योति खंडेलवाल शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल कलाकारों का अभिनंदन नहीं, बल्कि गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और कला साधना के प्रति समाज में सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास है।
आमंत्रण पत्र के विमोचन अवसर पर उपाध्यक्ष बी. शिरोमणि, सचिव अनिल वर्मा, कार्यकारिणी सदस्य ललित शर्मा, अनूप सिंह, योगेश सिंह, अपूर्व, अनिल सविता आदि उपस्थित रहे।
- Agra News: ‘संवेदना एक प्रयास’ संस्था ने 330 जरूरतमंद बच्चों को बांटी यूनिफॉर्म व स्टेशनरी, इस्कॉन के सहयोग से शुरू हुआ मिड-डे मील - July 31, 2026
- आगरा में गुरु-शिष्य परंपरा का होगा भव्य अभिनंदन: आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ़ यूपी 4 अगस्त को आयोजित करेगा ‘गुरु शिल्पी सम्मान समारोह’ - July 31, 2026
- कोडीन कफ सिरप मामला: आरोपियों ने की जज तक पहुंचने की कोशिश, न्यायमूर्ति कृष्ण पहल ने खुद को सुनवाई से किया अलग - July 31, 2026