तामहल देखने आए थे, ‘संस्कार’ लेकर लौटे, फ्रांस के बुजुर्ग जोड़े ने आगरा के मंदिर में रचाई हिंदू रीति से शादी

REGIONAL

आगरा। भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं की गूंज एक बार फिर विदेशियों के दिलों तक पहुंची। ताजमहल देखने भारत आए फ्रांस के एक बुजुर्ग जोड़े ने आगरा के प्रसिद्ध राधा-कृष्ण मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह कर सबका ध्यान आकर्षित किया।

फ्रांस से आए 74 वर्षीय फिलिप और 68 वर्षीय सिल्विया ने मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और विधि-विधान से विवाह संपन्न किया। विवाह समारोह के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी भी रही, जिन्होंने इस अनोखे दृश्य को देखा और सराहा।

40 वर्षों से साथ रह रहा था जोड़ा

जानकारी के अनुसार, फिलिप और सिल्विया पिछले 40 वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे। भारत भ्रमण के दौरान दोनों भारतीय संस्कृति, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने हिंदू परंपरा के अनुसार विवाह करने का फैसला किया।

वैदिक विधि-विधान से हुआ विवाह

मंदिर में पंडितों ने पूरे विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराया। मंत्रोच्चारण, फेरे और धार्मिक परंपराओं के बीच विवाह संपन्न होने के बाद दोनों ने इसे अपने जीवन का विशेष और यादगार क्षण बताया।

फिलिप और सिल्विया का कहना है कि भारतीय संस्कृति की आध्यात्मिकता, परंपराएं और रिश्तों की मजबूती ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया है, और इसी भावना के साथ उन्होंने मंदिर में विवाह कर इसे आधिकारिक रूप दिया।

Dr. Bhanu Pratap Singh