लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद अखिलेश यादव ने महाकुंभ मेला क्षेत्र में लगी आग का वीडियो शेयर कर लिखा कि महाकुंभ मेले में लगी आग का तुरंत गंभीरता से संज्ञान लिया जाए और आगे ऐसी दुर्घटना न हो, इसको सुनिश्चित किया जाए।
महाकुंभ में लगी आग को लेकर समाजवादी पार्टी ने योगी सरकार पर निशाना साधा है. सपा की मीडिया सेल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-“महाकुंभ मेला क्षेत्र में आग लगने से कई टेंट जलने और आग के विस्तृत रूप से तेजी से बढ़ने की सूचना है. भाजपा सरकार से अपील है कि तत्काल राहत कार्य तेज किए जाएं और कोई हताहत ना हो इसका ध्यान रखा जाए. मेला क्षेत्र प्रबंधन का जो ढिंढोरा सीएम योगी पीट रहे थे और सबको आमंत्रित कर रहे थे क्या ये वही व्यवस्था है जो आज दिखाई दी है ? सच्चाई यह है कि सीएम योगी ने सिर्फ ढिंढोरा पीटा है और सिर्फ भ्रष्टाचार किया है ,बाकी सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ राम भगवान भरोसे ही है.”
सपा चीफ अखिलेश यादव ने भी महाकुंभ में लगी आग का एक वीडियो शेयर कर लिखा-“महाकुंभ मेले में लगी आग का तुरंत गंभीरता से संज्ञान लिया जाए और आगे ऐसी दुर्घटना न हो, इसको सुनिश्चित किया जाए.”
इस हादसे पर प्रयागराज डीएम रविन्द्र कुमार मंदार ने कहा कि कुंभ एरिया के सेक्टर 19 में गीता प्रेस में आग लगने की सूचना मिली थी. किसी प्रकार की जनहानी की सूचना नहीं है, आग पर काबू पा लिया गया है. शाम में 4.30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. इसके साथ ही सूचना निदेशक शिशिर कुमार ने कहा कि आग में कोई भी जनहानि नहीं हुई है, कोई भी श्रद्धालु झुलसा नहीं है, सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.
वहीं इस हादसे पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एक्स पर लिखा-“प्रयागराज में आयोजित महाकुम्भ-2025 स्थित सेक्टर 19 (तुलसी मार्ग) में हुए अग्निकांड के संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का दल घटनास्थल पर मौजूद है और वहां आने वाले साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं की हर संभव मदद की जा रही है. सरकार की ओर से पूरे प्रकरण पर गंभीर नजर भी रखी जा रही है, स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है.”
- आगरा के बाह में घरेलू विवाद का खौफनाक कदम: पत्नी की याद में टावर पर चढ़ा युवक, एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उतारा सुरक्षित - June 17, 2026
- आगरा में मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती: शिक्षा और संगठन को मजबूत करने का संकल्प, मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान - June 17, 2026
- 30 जून को एत्मादपुर में होगा लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर की प्रतिमा का स्थापना समारोह, सीएम योगी और लोकसभा अध्यक्ष करेंगे शिरकत - June 17, 2026