लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों पर आए मतगणना के परिणामों और रुझानों के बीच राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा बयान सामने आया है। चुनाव नतीजों पर अपनी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने स्वीकार किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) जितनी सीटों की अपेक्षा कर रही थी, उतनी सफलता नहीं मिल पाई है। इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी इस बात पर गहन मंथन करेगी कि “समाजवादी पार्टी का खाता वहां कैसे खुल गया, जहां नहीं खुलना चाहिए था।”
”हम और अधिक सीटें जीतने की उम्मीद कर रहे थे”: केशव प्रसाद मौर्य
समाचार एजेंसी से बातचीत के दौरान जब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से बीजेपी की जीत और सपा को मिली बढ़त के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव बेहद योग्य, प्रबुद्ध और शिक्षित मतदाताओं के मताधिकार पर आधारित होता है।
उन्होंने कहा “भारतीय जनता पार्टी ने अपना पिछला प्रदर्शन दोहराया है। हम लोग इस बार और अधिक सीटें जीतने की अपेक्षा कर रहे थे, लेकिन उतनी सीटें हासिल नहीं हो सकीं। हम इस पर भी गंभीरता से विचार करेंगे कि समाजवादी पार्टी का खाता उन क्षेत्रों में कैसे खुल गया जहां नहीं खुलना चाहिए था। इस समीक्षा के बाद आगामी चुनावों में बीजेपी दोबारा पूर्ण बहुमत से जीते, इसके लिए कड़े प्रयास किए जाएंगे।”
विपक्ष के आरोपों पर पलटवार, जनादेश का किया सम्मान
समाजवादी पार्टी द्वारा चुनाव में धांधली और प्रशासनिक दुरुपयोग के आरोपों का खंडन करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया में कोई धांधली होती तो समाजवादी पार्टी खाता भी नहीं खोल पाती। उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता और प्रबुद्ध वर्ग के जनादेश का पूरी तरह सम्मान करती है। केशव मौर्य ने दावा किया कि वर्ष 2027 के आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ ‘कमल’ खिलेगा।
घोषित सीटों के प्रमुख विजेता और चुनावी समीकरण
राज्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा 28 अक्टूबर (बुधवार) को दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार घोषित परिणामों में मिला-जुला असर देखने को मिला है। लखनऊ शिक्षक क्षेत्र से बीजेपी के उमेश द्विवेदी ने परचम लहराया। मेरठ स्नातक क्षेत्र से बीजेपी के दिनेश कुमार गोयल विजयी रहे। मेरठ शिक्षक क्षेत्र से बीजेपी के श्री चंद शर्मा ने जीत दर्ज की। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र से बीजेपी के डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने जीत हासिल की। वाराणसी शिक्षक क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव ने परचम फहराया, वहीं वाराणसी की दूसरी सीट पर भी सपा उम्मीदवार आगे हैं। आगरा शिक्षक क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के डॉ. आकाश अग्रवाल ने बड़ी जीत दर्ज की है।
गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर बीजेपी बढ़त बनाए हुए है।वाराणसी और आगरा जैसे पारंपरिक गढ़ों में सपा की जीत ने बीजेपी खेमे में नए सिरे से चुनावी रणनीति और समीक्षा की जरूरत ला दी है।
- यूपी MLC चुनाव में 5 सीटों पर हार के बाद बोले डिप्टी CM केशव मौर्य: “सपा का खाता वहां खुला, जहां नहीं खुलना था” - October 28, 2026
- आगरा के पोइया घाट पर रिवर रैंचिंग कार्यक्रम: केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने यमुना में छोड़ीं 50 हजार मछलियां - October 28, 2026
- यूपी-सिंगापुर पार्टनरशिप को मिली नई रफ्तार: सीएम योगी ने लखनऊ में 14 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ की बैठक; एमओयू पर हुए हस्ताक्षर - October 28, 2026