भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण IRDAI पॉलिसी की बिक्री, नवीकरण और दावों के निपटारे समेत विभिन्न सेवाओं के लिए एक मंच की सुविधा देने वाले ‘बीमा सुगम’ पर काम कर रहा है।
प्रौद्योगिकी से लैस यह पोर्टल देशभर के ग्राहकों को सुगम अनुभव देकर बीमा की पैठ का विस्तार करेगा।
बीमा नियामक इरडा के चेयरमैन देबाशीष पांडा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा कि बीमा सुगम बीमा उद्योग के लिए उसी तरह परिवर्तनकारी होगा जिस तरह से यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) ने देश में डिजिटल भुगतान को बदलकर रख दिया है।
पांडा ने कहा, ‘‘बीमा सुगम से बीमा की खरीद-बिक्री, पॉलिसी से जुड़े कार्यों, दावों का निपटारा जैसे सभी काम हो सकेंगे। बीमा कंपनियां इस मंच पर आ सकती हैं, इसमें ‘एप्लिकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (एपीआई) के माध्यम से काम होंगे।’’ उन्होंने बताया कि एजेंट, वेब एग्रीगेटर (विभिन्न कंपनियों की पॉलिसी आदि की जानकारी देने वाली वेबसाइट) समेत सभी बीमा मध्यवर्ती की इस पोर्टल तक पहुंच होगी।
उन्होंने कहा कि जहां तक बीमा पॉलिसीधारकों की बात है तो वे सीधे भी उत्पाद खरीद सकते हैं या फिर मदद लेकर ऐसा कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘‘हो सकता है कि कई लोग सहायता लेकर यह करना चाहें और इसके लिए किसी मध्यवर्ती को चुनें।’’
यह मंच पॉलिसीधारकों और संभावित ग्राहकों को उत्पाद, कंपनी और भुगतान के कई विकल्प देगा। पांडा ने कहा, ‘‘यह शॉपिंग मॉल की तरह है जहां आप जाकर खरीद कर सकते हैं। जहां तक केवाईसी की बात है, तो यह आधार संख्या के जरिये होगा।’’
- ट्रांस यमुना जैन मंदिर में भक्ति भाव से मनाया गया भगवान पार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक महा-महोत्सव: अर्पित किए गए 108 विशेष निर्वाण लाडू - August 19, 2026
- स्वच्छ जल से स्वस्थ जीवन की ओर कदम: भारत विकास परिषद नवज्योति ने सुभाष पार्क स्थित विद्यालय में दो नए आरओ वाटर प्लांट किए लोकार्पित - August 19, 2026
- पैकेज्ड फूड और मोबाइल बिगाड़ रहे बच्चों का स्वास्थ्य: आगरा में आयोजित निशुल्क पीडियाट्रिक कैंप में गैस्ट्रो और लिवर की समस्याओं पर चिंता - August 19, 2026