आगरा। सिंधी समाज के अमर शहीद और मानवता के अग्रदूत संत साँई कँवर राम के प्रेरणाप्रद जीवन को अब एक लघु फिल्म के माध्यम से पर्दे पर उतारा जाएगा। रविवार शाम जयपुर हाउस स्थित जय झूलेलाल मंदिर में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में इस फिल्म का पोस्टर जारी किया गया और साथ ही फिल्म के दो सुरीले भजनों का भी लोकार्पण किया गया।
इंसानियत और सद्भाव का संदेश
संत साँई कँवर राम का पूरा जीवन भूखों को भोजन कराने, पीड़ितों की सेवा करने और धार्मिक सद्भाव की अलख जगाने में व्यतीत हुआ। सिंध की साझी विरासत को बचाने के संघर्ष में उन्होंने अपनी शहादत दी, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। फिल्म के पोस्टर विमोचन के दौरान मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाह और सोमनाथ धाम शाहगंज के डॉ. पीर शंकर नाथ योगी ने कहा कि यह फिल्म न केवल सिंधी समाज, बल्कि पूरी मानवता के लिए एक मार्गदर्शक साबित होगी।
भजनों की प्रस्तुति से भावविभोर हुए श्रद्धालु
कार्यक्रम में संजय दुबे और सूरज तिवारी द्वारा लिखित भजनों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। ‘युगों युगों में आता है कोई संत ऐसा संसार में’ और ‘कोसा कोहर लेकर निकला देखो’ भजनों ने उपस्थित भक्तों को भक्ति के सागर में डुबो दिया।
आगरा के कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच
फिल्म के निर्माता रंजीत सामा और विजय सामा ने बताया कि फिल्म की शूटिंग अगस्त के प्रथम सप्ताह में आगरा और आसपास के क्षेत्रों में की जाएगी। इस फिल्म में आगरा के जाने-माने कलाकार जैसे अनिल जैन, जितेश आसिवाल, रंजीव कोचर, मुकेश नेचुरल, रवि परिहार, जय सिंह, वानी, शकील और मनोज सिंह लंकेश आदि अपनी कला का जौहर दिखाएंगे। फिल्म का लेखन और निर्देशन सूरज तिवारी कर रहे हैं, जबकि इसकी पटकथा का मूल विचार धर्मपाल कश्यप ‘बाबू भाई’ ने दिया है।
समारोह में नारायण दास लालवानी, कमल मतलानी, पार्षद रेनू गुप्ता, रूबी सहगल सहित समाज के अनेक प्रतिष्ठित समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने इस सार्थक पहल की प्रशंसा करते हुए संत साँई कँवर राम के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प दोहराया।
- यूपी के पीलीभीत में मतदाता सूची से छेड़छाड़ का बड़ा खुलासा: 10,470 आवेदनों में गड़बड़ी पर दो SDM निलंबित, कंप्यूटर ऑपरेटर बर्खास्त; FIR दर्ज - November 27, 2026
- यूपी के पीलीभीत में मतदाता सूची से छेड़छाड़ का बड़ा खुलासा: 10,470 आवेदनों में गड़बड़ी पर दो SDM निलंबित, कंप्यूटर ऑपरेटर बर्खास्त; FIR दर्ज - November 27, 2026
- अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तीखा प्रहार, बोले— ‘विदाई का समय आ गया, तय करना है स्पेन जाना है या वेनिस’ - November 27, 2026