यूपी में सनसनीखेज वारदात, बहराइच जिले में परिवारिक विवाद में बेटे ने चार की कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतारा मौत के घाट उतारा

Crime

बहराइच। जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र स्थित रामनगर गांव में रविवार की रात काली साबित हुई। यहाँ संपत्ति के विवाद में अंधे हुए एक युवक ने वहशियाना हरकत करते हुए कुल्हाड़ी से अपने ही परिवार के चार सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी। इस खूनी खेल में आरोपी की दादी, माता-पिता और बहन की जान चली गई, जबकि बचाव में आए बड़े भाई पर भी जानलेवा हमला किया गया।

रात 1:30 बजे गूंजी चीखें

पुलिस के अनुसार, आरोपी निरंकार (27) का पिछले काफी समय से अपने पिता बदलूराम से जमीन और संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार देर रात करीब 1:30 बजे इसी मुद्दे पर फिर से कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि निरंकार ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और सो रहे परिजनों पर एक-एक कर हमला कर दिया। 82 वर्षीय दादी शीतला देवी, 62 वर्षीय पिता बदलूराम, 60 वर्षीय मां संजू देवी और 35 वर्षीय बहन पार्वती की मौके पर ही मौत हो गई।

​बड़े भाई ने दी आपबीती

घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती बड़े भाई गुरुदेव ने बताया कि निरंकार पिछले 4 सालों से मानसिक रूप से हिंसक हो गया था। इसी घरेलू कलह के कारण 4 साल पहले उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद वह और भी ज्यादा क्रूर हो गया था। रात में जब उसने कुल्हाड़ी से कत्लेआम शुरू किया, तो गुरुदेव ने उसे रोकने की कोशिश की, जिसमें वह खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस और फोरेंसिक टीम की कार्रवाई

घटना की भयावहता को देखते हुए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। एसपी राम नयन सिंह और एएसपी दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी ने तड़के ही घटनास्थल का मुआयना किया। फोरेंसिक टीम ने घर के भीतर बिखरे खून के धब्बों और साक्ष्यों को इकट्ठा किया है। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है।

​आरोपी की हालत भी नाजुक

संघर्ष के दौरान हमलावर निरंकार खुद भी घायल हुआ है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ परिवार के अन्य संपर्कों से भी पूछताछ कर रही है ताकि इस जघन्य हत्याकांड की हर कड़ी जोड़ी जा सके।

Dr. Bhanu Pratap Singh