satyawadi raja harishchand mokshdham agra

आगरा का सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधामः देश के सभी सांसद, विधायक, मेयर, पार्षदों के लिए जबर्दस्त Motivational story

EXCLUSIVE लेख

*शौचालय और कूड़ाघर ही नहीं जुआरी, शराबियों का अड्डा था मल्ल का चबूतरा श्मशान घाट

*नगर निगम और समाज के सहयोग से शानदार मोक्षधाम को प्रातः भ्रमण लायक बना दिया

*संघ के कुछ पदाधिकारियों ने पर्दे के पीछे रहकर काम किया, पर्दे के आगे रहे आशीष पाराशर

*पूर्वजों की समाधि बनाने के स्थान पर उनकी स्मृति में पौधा लगाने का अभियान चलाया जा रहा

*ताजगंज के बाद दूसरा विद्युत शवदाह गृह बनाया, सतसंग भवन में उठावनी, बैठकें होने लगी हैं

 

डॉ. भानु प्रताप सिंह

Live Story Time

Agra, Uttar Pradesh, Bharat, India. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बृज प्रांत प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला जनप्रतिनिधियों (सांसद, विधायक, मेयर, पार्षद) को एक नेक सलाह देते हैं कि अपने कार्यकाल में एक ऐसा काम करो जो मिसाल बन जाए। इस सलाह का अनुसरण किया तत्कालीन पार्षद आशीष पाराशर ने। फिर जो हुआ, वह वाकई मिसाल बन गया। आगरा शहर के एक हिस्से में लाखों लोगों को बड़ा राहत मिल गई। जो स्थान कभी शौचघर, कूड़ाघर, शराबी और जुआरियों का अड्डा के रूप में कुख्यात था, वहां अब सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम बन गया। ऐसा मोक्षधाम जो ताजगंज मोक्षधाम से भी विशाल है। आगरा का ऐसा दूसरा मोक्षधाम है, जहां विद्युत शवदाह गृह भी है। एक बड़ी बात यह भी है कि सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रहा है, जो ताजगंज मोक्षधाम में संभव नहीं है।

 

अगर आप आगरा के हैं तो आपने शाहगंज में मल्ल का चबूतरा (मल्ल का चौंतरा) का नाम जरूर सुना होगा। यहीं पर करीब एक हजार साल प्राचीन श्मशान घाट है। श्मशान घाट तो नाम का था, वास्तव में यह इसका उपयोग शौच करने और कूड़ा फेंकने के लिए किया जा रहा था। जिनके पास ताजगंज मोक्षधाम जाने का साधन नहीं है, वे मल्ल का चबूतरा श्मशान घाट पर प्रियजन का अंतिम संस्कार करने के लिए विवश थे। जहां भी पैर रखो, वहीं पर शौच। नशेड़ियों का जमावड़ा। समाधियों पर बैठकर लोग जुआ खेलते रहते थे।

satyawadi raja harishchand mokshdham
satyawadi raja harishchand mokshdham अब और पहले

अब यहां सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम का विशाल द्वार है। स्थान चमन हो गया है। कच्चा नाला पक्का बन गया है। बीच में सीमेंट की सड़क बन गई है। हरियाली है। पूर्वजों की स्मृति में पौधारोपण किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने किया। महापौर हेमलता दिवाकर, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश  और भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्गविजय सिंह शाक्य मौजूद रहे। पौधा लगाने वालों की नाम पट्टिका लगी हुई है। पूर्वजों की समाधि बनाने के स्थान पर उनकी स्मृति में पौधा लगाने का आह्वान किया गया है जो समाज के काम आएगा।

सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम आगरा
उद्घाटन के अवसर पर मौजूद नवीन जैन, आशीष पाराशर आदि।

सतसंग भवन का उद्घाटन 15 नवम्बर, 2022 को किया गया। महापौर नवीन जैन, केन्द्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री यूपी सरकार योगेन्द्र उपाध्याय का नाम शिलापट्टिका पर अंकित है। उद्घाटन के समय महापौर नवीन जैन और संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला मौजूद थे। यहां उठावनी, बैठक, सत्संग जैसे कार्यक्रम होने शुरू हो गए हैं। यहां पूरी जानकारी है कि नगर निगम और समाज के क्या किया है। मोक्षधाम के जीर्णोद्धार की कहानी भी चित्रों में दर्शित है। यहां एसी (एयर कंडीशनर) भी लगाया जाना है।

 

मोक्षधाम में कार्यालय, दुकान, व जनसुविधा निर्माण कार्य और विद्युत शवदाह गृह का लोकार्पण 15 नवम्बर, 2022 को किया गया। इसमें ताजगंज की तरह पूरी व्यवस्था है। विद्युत शवदाह गृह नवदुर्गा के बाद चालू हो जाएगा। लकड़ी की टाल शुरू होनी है। खंडहर हो चुके पुराने निर्माण को तोड़कर फूल रखने का स्थान बनाया जाना प्रस्तावित है।

सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम आगरा 9
नवीन शवदाह स्थल

खंडहर हो गए परंपरागत शवदाह स्थल को गिराकर नया निर्माण किया गया। पत्थर इतनी क्षमता के हैं कि 100 डिग्री तापमान पर भी खराब नहीं होगा।

 

यह सब ऐसे ही नहीं हो गया। चार वर्ष का अथक परिश्रम है। कुछ चेहरे पर्दे के सामने रहे तो अधिकांश पर्दे के पीछे। तब जाकर मल्ल का चबूतरा श्मशान घाट को सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम का रूप दिया जा सका। आज यह ऐसा स्थान, जहां लोग प्रातःकाल भ्रमण के लिए आते हैं। एक समय वह भी था जब नाक पर रूमाल रखकर निकलते थे। यह ऐसी कहानी है जो प्रत्येक जनप्रतिनिधि के लिए प्रेरणादायी है कि अपने 5 साल के कार्यकाल में कोई ऐसा काम कर जाएं जो सदा याद रहे। हम आपको चरणवार बता रहे हैं सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम बनने की कहानी।

 

वर्ष 2017 में पार्षद के रूप में आशीष पाराशर जनसमस्याओं से जूझ रहे थे। समस्याएं हैं कि खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही थीं। फिर एक दिन वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विशेष संपर्क प्रमुख अशोक कुलश्रेष्ठ एडवोकेट के पास गए। उनसे आग्रह किया कि ऐसा काम बताएं जिसमें सबका हित हो। नाली-खरंजा की समस्या तो कभी दूर नहीं हो सकती है। फिर अशोक कुलश्रेष्ठ ने सलाह दी कि संघ के बृज प्रांत प्रचार प्रमुख केशव शर्मा से मिलो। श्री केशव शर्मा ने आशीष पाराशर से कहा कि नगर निगम श्मशान घाट का सुधार करता है। आप मल्ल का चबूतरा श्मशान घाट का उद्धार करें। यह बड़ा दुष्कर कार्य है, कर पाओगे? आशीष पाराशर ने इसे चुनौती के रूप में लिया और जुट गए।

सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम आगरा
निरीक्षण करते नवीन जैन , केशव शर्मा, आशीष पाराशर एवं अन्य

फिर कोरोना काल के दौरान भीषण गर्मी में जून, 2019 में तत्कालीन महापौर नवीन जैन को निरीक्षण के लिए बुलाया। वे श्मशान घाट की दुरावस्था देखकर दंग रह गए। उन्हें पूरी योजना समझाई। नगर निगम के साथ मिलकर श्मशान घाट के उद्धार का आग्रह किया। महापौर ने सहमति जताई तो उत्साह बढ़ गया।

सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम आगरा
पौधारोपण करते राकेश जैन, नवीन जैन एवं अन्य।

एक सितम्बर, 2019 को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह पर्यावरण प्रमुख राकेश जैन और संघ के बृज प्रान्त प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला ने मोक्ष धाम में पौधारोपण किया। केन्द्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल की खास उपस्थित रही। इसके साथ ही महापौर नवीन जैन और समिति के अन्य सदस्यों ने मिलकर मोक्षधाम के जीर्णोद्धार का खाका खींचा।

सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम आगरा
कोरोना काल में सफाई अभियान चलाते संघ के स्वयंसेवक।

इसके बाद समिति के सदस्य और संघ के स्वयंसेवकों ने मोक्षधाम पर सफाई अभियान चलाया और अन्य व्यवस्थाएं कीं। तब कोरोना महामारी के समय पूरे विश्व की जनता लॉकडाउन के कारण घरों में कैद थी। इसके बाद भी संघ के स्वयंसेवक समाजसेवा में प्राण-प्रण के साथ जुटे रहे।

 

कोरोना महामारी का प्रकोप कम होते ही 26 जून, 2021 को संघ के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र जी ने सत्यवादी राजा हरिश्चन्द्र मोक्षधाम के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया। समारोह में महापौर नवीन जैन, सांसद एसपी सिंह बघेल, प्रान्त प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला, प्रांत प्रचार प्रमुख केशव शर्मा आदि उपस्थित रहे। संकल्प लिया कि नगर निगम और समाज के सहयोग से मोक्षधाम का जीर्णोद्धार किया जाएगा।

सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम आगरा
शिलान्यास समारोह में संघ के क्षेत्र प्रचारक महेन्द्र जी

जीर्णोद्धार का शिलान्यास तो हो गया लेकिन शवदाह स्थल के पास बनी 120 से अधिक पक्की समाधियां कार्य में बाधा बनकर खड़ी हो गईं। समाधि बनाने वालों से संपर्क किया गया। उन्हें समझाया गया और समाधि स्थानांतरित करने पर राजी किया गया। काफी प्रयासों के बाद बात बन गयी। जिनके परिजनों की समाधियां थीं, उनके साथ मोक्षधाम पर 3, 4, 5 दिसम्बर, 2021 को हवन किया गया। फिर बस से कछला घाट (सोरों) ले जाया गया। वहां पूर्वजों के फूलों का विसर्जन किया गया। लौटकर समाधियों को तोड़ना था। पहला हथौड़ा परिजनों से ही चलवाया गया। समाधि विस्थापन में मोक्षधाम समिति के सहसचिव और भाजपा अनुसूचित मोर्चा के महामंत्री राकेश जाटव ने दिया। पूर्वजों की स्मृति को स्थाई स्वरूप देने के लिए बगल में ही एक स्थान नियत किया गया है। यहां दीवार में आला बनाकर पूजा का स्थान भी बनाया गया है। प्रियजन अपने पूर्वजों की श्रद्धानुसार पूजा कर सकते हैं।

सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम आगरा
पक्की समाधियां हटाने के लिए पूजन।

नगर निगम के माध्यम से सफई अभियान चलाया तो 100 से अधिक ट्रक कूड़ा निकला। सबसे बड़ी समस्या यहां अतिक्रमण थे। जिसे जैसा मौका मिला, उसने वैसे ही मरघटी की जमीन घेरने का प्रयास किया। अतिक्रमण हटाओ तो लोग मरने-मारने पर उतारू हो जाते हैं। उन्हें वश में किया गया। अतिक्रमण हटा दिए गए। चारदीवार बनाई गई ताकि फिर से अतिक्रमण न हो सके।

 

मोक्षधाम का विकास पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) के आधार पर हुआ है। 4 करोड़ रुपये का कार्य नगर निगम ने कराया है। बच्चों का शवदाह स्थल का निर्माण होने जा रहा है। नगर निगम ने एक गेट बनवाया है। शेष दो गेट और प्याऊ समाज के सहयोग से लेंगे। मंदिर का निर्माण होगा। डॉ. पार्थ सारथी शर्मा, हीरा सिंह चंदेल, चौधरी राजन सिंह, राहुल चतुर्वेदी आदि ने मोक्षधाम में काम कराने की इच्छा व्यक्त की है।

सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम आगरा
सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम आगरा में नवीन जैन, अशोक कुलश्रेष्ठ एडवोकेट, डॉ. हरीश रौतेला,  केशव शर्मा, आशीष पाराशर एवं अन्य।

संघ के बृज प्रांत प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला ने श्मशान घाट का नामकरण किया– सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम। साथ ही उन्होंने समाधि बनाने के स्थान पर पूर्वजों की याद में एक पौधा रोपने का सुझाव दिया, जो चल रहा है। एक मंदिर बनाने का भी सुझाव दिया है ताकि उठावनी के बाद लोग भगवान के हाथ जोड़ते हुए जाएं। उनके सुझाव पर नवगृह वाटिका बनाने बनाई जाएगी। प्रांत प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला के सुझाव पर यह व्यवस्था की जा रही है कि लोग जब सोरों जाएं तो उन्हें पता रहे कि किस पंडा से मिलेना है। हर गांव और मोहल्ले के पंडा अलग होते हैं।

सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम आगरा
एक पेड़ पूर्वजों के नाम अभियान का शुभारंभ करते संघ के बृज प्रांत प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला, पूर्व महापौर इन्द्रजीत आर्य. डॉ. पार्थसारथी शर्मा, आशीष पाराशर एवं अन्य।

सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम परियोजना का सामाजिक संदेश है। वह यह कि अगर कोई कुछ करने की ठान ले, निःस्वार्थ भाव के साथ प्राण-प्रण से जुट जाए तो सफलता मिलती है। इस कार्य में मेहनत इतनी खामोशी से की गई कि सफलता ने शोर मचा दिया है। मतलब अगर ठान लिया जाए तो मुश्किल कुछ भी नहीं है। यह काम करने वाले श्रेय नहीं लेना चाहते हैं।

 

सत्यवादी राजा हरिश्चंद मोक्षधाम परियोजना में पर्दे के पीछे रहकर काम कर रहे डॉ. हरीश रौतेला से पूछा तो उन्होंने कहा कि समाज काम करता है। फिर उन्होंने इन पंक्तियों के माध्यम से पूरी बात कह दी-

सूरज हमें रौशनी देता, हवा नया जीवन देती है, 

भूख मिटने को हम सबकी, धरती पर होती खेती है ।

औरों का भी हित हो जिसमें, हम ऐसा कुछ करना सीखें, 

देश हमें देता है सबकुछ हम भी तो कुछ देना सीखें।

लेखक का संपर्क नम्बरः 9412652233, 8279625939

Dr. Bhanu Pratap Singh