नई दिल्ली। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के प्रियंका गांधी को प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाए जाने संबंधी बयान के बाद अब उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने भी खुलकर समर्थन जताया है। वाड्रा ने कहा कि प्रियंका गांधी का राजनीतिक भविष्य उज्ज्वल है और वह एक दिन देश की प्रधानमंत्री जरूर बनेंगी।
समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि प्रियंका गांधी जमीनी मुद्दों की गहरी समझ रखती हैं और लोगों की बात सुनकर आगे बढ़ने में विश्वास करती हैं। उन्होंने कहा, “प्रियंका देश में जिस तरह के बदलाव की जरूरत है, उसे समझती हैं। वह सिर्फ अपनी बात नहीं रखतीं, बल्कि जनता की आवाज को भी अहमियत देती हैं। यह केवल समय की बात है।”
वाड्रा ने कहा कि प्रियंका गांधी को अपने परिवार से राजनीति की गहरी समझ मिली है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी दादी इंदिरा गांधी, पिता राजीव गांधी, मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी से बहुत कुछ सीखा है। वाड्रा के मुताबिक, लोग प्रियंका को इसलिए पसंद करते हैं क्योंकि वह दिल से बोलती हैं और अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती हैं।
गौरतलब है कि इमरान मसूद ने हाल ही में बयान दिया था कि प्रियंका गांधी अपनी दादी इंदिरा गांधी की तरह एक मजबूत प्रधानमंत्री साबित हो सकती हैं। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के साथ हो रही घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा था कि ऐसे मामलों में प्रियंका गांधी सख्त और स्पष्ट फैसले लेने में सक्षम हैं।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी के बर्लिन में दिए गए बयानों को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की छवि खराब करते हैं और अब जनता का उन पर भरोसा नहीं रहा है। बीजेपी का आरोप है कि इसी कारण राहुल गांधी विदेशों में ऐसे बयान दे रहे हैं।
- जाम के झाम से परेशान आगरा का रावतपाड़ा बाजार, रेंग रेंग कर आंगे बढ़ रहे पैदल राहगीर - October 31, 2026
- संजय प्लेस में पार्किंग बनी ‘ओपन बार’ की खबर का बड़ा असर: एक्शन में आई आगरा पुलिस, शराबियों पर सख्ती से व्यापारियों में खुशी - October 31, 2026
- ताजनगरी में ‘अमृतम् परिवार’ का भव्य दीपावली उत्सव: गरबा-डांडिया की धुनों पर थिरके कदम, आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान - October 31, 2026