लखनऊ: उत्तर प्रदेश में राम नवमी के पावन अवसर पर योगी सरकार ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी है। शासन की ओर से जारी ताज़ा आदेश के अनुसार, इस बार राम नवमी पर 26 और 27 मार्च को दो दिनों का सार्वजनिक अवकाश रहेगा। ‘हमने’ पहले ही अपनी रिपोर्ट में इस दो दिवसीय छुट्टी की संभावना जताई थी, जिस पर अब सरकारी आदेश ने अंतिम मुहर लगा दी है।
क्यों बढ़ाई गई छुट्टी?
पंचांग के अनुसार, साल 2026 में राम नवमी की तिथि दो दिनों तक व्याप्त है। पहले केवल 26 मार्च को अवकाश घोषित किया गया था, लेकिन नवमी तिथि के विस्तार और श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक अतिरिक्त दिन की छुट्टी बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब पूरे प्रदेश में सरकारी कार्यालय, स्कूल और संस्थान 26 और 27 मार्च (गुरुवार और शुक्रवार) को बंद रहेंगे।
राम नवमी 2026: तिथि और शुभ मुहूर्त
चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि 26 मार्च 2026 को सुबह 11:48 बजे से शुरू होकर 27 मार्च को सुबह 10:06 बजे तक रहेगी। भगवान श्रीराम का प्राकट्य उत्सव 26 मार्च को अभिजीत मुहूर्त में मनाया जाएगा, जबकि उदया तिथि और कन्या पूजन के अनुष्ठान 27 मार्च को संपन्न होंगे।
यह निर्णय न केवल राम भक्तों के लिए उत्साहजनक है, बल्कि इससे सरकारी कर्मचारियों को भी त्यौहार मनाने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। अयोध्या सहित पूरे उत्तर प्रदेश में राम जन्मोत्सव की तैयारियां अब और भी भव्य रूप से की जा सकेंगी।
- जब टीयर्स आगरा के “स्पेशल” बच्चों ने रच दी रामायण… आंखें नम, दिल गर्व से भर गया - March 25, 2026
- योगी सरकार की बड़ी सौगात! उत्तर प्रदेश में 26 और 27 मार्च को रहेगा राम नवमी का अवकाश - March 25, 2026
- टीबी मुक्त आगरा का संकल्प: 47 ग्राम प्रधानों को मिला ‘गांधी सम्मान’, यूपी में आगरा ने गाड़े सफलता के झंडे - March 25, 2026