भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु शनिवार को सेमीफाइनल में ओलिंपिक चैम्पियन चेन यु फेई से सीधे गेम में पराजित होकर थाइलैंड ओपन से बाहर हो गयीं। दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता सिंधु तीसरी वरीयता प्राप्त चेन से 43 मिनट में 17-21 16-21 से हार गयी जिससे उनका सुपर 500 टूर्नामेंट में शानदार सफर खत्म हो गया।
छठी वरीयता प्राप्त सिंधु का इस मैच से पहले चेन के खिलाफ जीत का रिकॉर्ड 6-4 था लेकिन वह चीन की इस खिलाड़ी के खिलाफ वैसा दमदार प्रदर्शन नहीं कर सकीं। वहीं चेन ने आक्रामक बैडमिंटन खेलकर जीत हासिल की। हैदराबाद की 26 वर्षीय खिलाड़ी को पिछली बार चेन से 2019 बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में हार मिली थी।
सिंधु पहले गेम में 3-3 की बराबरी के बाद ब्रेक तक 7-11 से पिछड़ रही थीं। चेन ने रैलियों से दबदबा बनाना जारी रखा और पांच गेम प्वाइंट बरकरार रखे। सिंधु ने दो गेम प्वाइंट बचाये लेकिन चीनी प्रतिद्वंद्वी ने पहला गेम आसानी से जीत लिया। दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी सिंधु ने दूसरे गम में बेहतर खेल दिखाते हुए 6-3 की बढ़त बना ली और ब्रेक तक दो अंक की बढ़त बनाये रहीं।
दुनिया की चौथे नंबर की चीन की खिलाड़ी ने जल्द ही गेम पर कब्जा करना शुरू किया और 15-12 से आगे हो लीं। इसके बाद सिंधु लय नहीं पलट सकीं और चेन ने चार मैच प्वाइंट हासिल कर जीत दर्ज की। इस सत्र में सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय और स्विस ओपन में दो सुपर 300 खिताब जीतने वाली सिंधु अब सात से 12 जून तक जकार्ता में होने वाले इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 500 टूर्नामेंट में शिरकत करेंगी।
-एजेंसियां
- जब टीयर्स आगरा के “स्पेशल” बच्चों ने रच दी रामायण… आंखें नम, दिल गर्व से भर गया - March 25, 2026
- योगी सरकार की बड़ी सौगात! उत्तर प्रदेश में 26 और 27 मार्च को रहेगा राम नवमी का अवकाश - March 25, 2026
- टीबी मुक्त आगरा का संकल्प: 47 ग्राम प्रधानों को मिला ‘गांधी सम्मान’, यूपी में आगरा ने गाड़े सफलता के झंडे - March 25, 2026