राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय राजधानी में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में भी मनाया जाता है इसलिए आज द्रौपदी मुर्मू और कई अन्य नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राष्ट्रपति मुर्मू ने लोगों से सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण के लिए अथक परिश्रम करने का आग्रह किया। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा- “देश के एकीकरण को सुनिश्चित करने वाले लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती पर कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि! सरदार पटेल एक महान देशभक्त और अग्रणी राष्ट्र निर्माता थे। हमें राष्ट्र निर्माण के लिए अथक परिश्रम करने के लिए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए।”
किस किस ने दी सरदार पटेल को श्रद्धांजलि?
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने भी सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गुजरात के केवड़िया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री मोदी ने पटेल को कैसे दी श्रद्धांजलि?
प्रधानमंत्री मोदी केवड़िया के परेड ग्राउंड में एकता दिवस परेड में भी शामिल हुए। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित होने वाली ‘रन फॉर यूनिटी’ इस बार 29 अक्टूबर को आयोजित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आकाशवाणी पर अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इसकी घोषणा की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस साल 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती और दीपावली का त्योहार एक साथ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हर साल 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर हम ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन करते हैं। इस बार दीपावली के अवसर पर ‘रन फॉर यूनिटी’ 29 अक्टूबर, मंगलवार को आयोजित की जाएगी।
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से इसमें अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और देश की एकता के मंत्र के साथ-साथ फिटनेस के मंत्र को भी हर जगह फैलाने का आग्रह किया। राष्ट्रीय एकता दिवस हर साल 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मनाया जाता है।
- साहित्यिक समागम: नागरी प्रचारिणी सभा में जुटीं हिंदी की दिग्गज हस्तियां, कहानी और आलोचना की हुई जुगलबंदी - March 15, 2026
- आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर फिल्मी अंदाज में शराब की तस्करी: ट्रक के भीतर बने गुप्त केबिन से 600 पेटी बरामद, दो गिरफ्तार - March 15, 2026
- Agra News: इंस्टाग्राम पर पीछा करने के बाद छात्रा की फोटो की वायरल, आरोपी परिवार पर केस दर्ज - March 15, 2026