आगरा। फाइनेंस कर्मी से लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जिस कर्मचारी को फाइनेंस कंपनी ने कलेक्शन का जिम्मा सौंपा था, उसी की गतिविधियों पर नजर रखकर चार बदमाशों ने उस पर धावा बोला। इस लूट में अहम भूमिका निभाने वाले तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि एक अब भी फरार है।
घटना 10 फरवरी की है जब शिम्भू प्रजापति, निवासी पलानहेड़ा (जिला दौसा, राजस्थान) कलेक्शन करके ऑफिस लौट रहे थे। धनीना और जगनेर के बीच बाइक सवार चार बदमाशों ने उन पर हमला बोलकर 1 लाख 30 हजार रुपये, टैबलेट, बायोमेट्रिक मशीन और कागजों से भरा बैग लूट लिया था।
पुलिस की सर्विलांस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मजीद पुत्र स्व. अल्लाबक्स, आकाश पुत्र लक्ष्मण सिंह, साहब सिंह पुत्र दुर्गी सिंह, तीनों निवासी बसई, थाना जगनेर शामिल हैं। चौथा आरोपी, नाहर सिंह पुत्र रामवीर, अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
जांच में खुलासा हुआ कि अभियुक्त मजीद गांव में फाइनेंस कंपनी के लिए काम करता था और कैश कलेक्शन में फाइनेंसकर्मी की मदद करता था। उसकी अंदरूनी जानकारी के आधार पर नाहर सिंह, साहब सिंह और आकाश ने उसे पैसे का लालच देकर योजना में शामिल किया।
चारों ने मिलकर कछपुरा के पास जंगल में लूट को अंजाम दिया। घटना के बाद तुरंत 25-25 हजार रुपये आपस में बांटे गए, जबकि बाकी 30 हजार व टैब को नाहर सिंह के पास यह कहते हुए रखवा दिया गया था कि पकड़े जाने पर ये पैसे काम आएंगे। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 30 हजार रुपये नकद और एक बाइक बरामद की है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यही गिरोह इसके बाद ग्राम बसेड़ी के पास एक अन्य फाइनेंस कर्मी से भी लूट कर चुका है। कर्मचारी से लूटे गए टैब और मोबाइल को आरोपियों ने खेत में फेंक दिया था, जबकि नकदी अपने पास रख ली थी।
- “मोबाइल की लत बच्चों के लिए ड्रग जैसी”, आगरा में साइबर विशेषज्ञ रक्षित टंडन ने दिए ठगी से बचने के टिप्स - October 25, 2026
- आगरा मंडल शिक्षक एमएलसी चुनाव पर चुनाव आयोग का बड़ा फैसला: 3 बूथों पर रद्द हुआ मतदान, 26 अक्टूबर को दोबारा पड़ेंगे वोट - October 25, 2026
- ताजनगरी में ‘कार्डियोलॉजी आगरा लाइव 6.0’ का भव्य आयोजन: होटल जेपी पैलेस में देश भर के 450 विशेषज्ञ हुए शामिल - October 25, 2026