‘मुंबई एयरपोर्ट पर सोना फंसा है’… सीबीआई कार्रवाई का डर दिखाकर आगरा की महिला से साइबर ठगों ने 6.70 लाख रुपये ऐंठे

Crime

​आगरा। ताजनगरी में साइबर अपराधी अब सोशल मीडिया पर पहचान बढ़ाकर आम जनता को सरकारी एजेंसियों, कस्टम चेकिंग और डिजिटल अरेस्ट की झूठी धमकियों के जरिए खौफजदा कर लाखों रुपये ऐंठ रहे हैं। आगरा के साइबर क्राइम थाने में ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला दर्ज हुआ है, जहां एक महिला को इंस्टाग्राम के जरिए अपने जाल में फंसाकर साइबर ठग ने मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़े जाने और कस्टम में सोना व कीमती सामान जब्त होने का फर्जी खौफ दिखाकर 6.70 लाख रुपये ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, जालसाज ने फर्जी सीबीआई कार्रवाई की धमकियां देकर महिला को लगातार मानसिक तनाव में रखा और उसके पति को भी अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।

​इंस्टाग्राम पर बढ़ाई नजदीकियां, फिर गढ़ी एयरपोर्ट पर पकड़े जाने की कहानी

​पीड़ित महिला इंदु के अनुसार, आरोपी ने कुछ समय पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से उनसे संपर्क स्थापित किया था। मीठी-मीठी बातों से आरोपी ने ऐसी परिस्थितियां पैदा कीं, जिससे महिला उस पर पूरी तरह भरोसा करने लगी। इसके बाद आरोपी ने एक दिन महिला को फोन कर बताया कि वह मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया है और उसका भारी मात्रा में सोना तथा अन्य कीमती सामान कस्टम विभाग ने जब्त कर लिया है, जिससे वह गंभीर संकट में फंस गया है।

​सीबीआई अरेस्ट का डर दिखाकर ऐंठ लिए 6.70 लाख रुपये

आरोपी ने महिला को डराया कि यदि तुरंत रुपयों का इंतजाम नहीं हुआ, तो उस पर कानूनी शिकंजा कस जाएगा। इसके बाद उसने दिल्ली एयरपोर्ट पर सीबीआई की जांच व गिरफ्तारी का खौफ दिखाकर महिला पर पैसे भेजने का दबाव बनाया। सरकारी एजेंसियों के नाम पर जेल जाने और मान-प्रतिष्ठा धूमिल होने के डर से घबराई महिला आरोपी द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में लगातार रकम ट्रांसफर करती रही। इस प्रकार डर और डिजिटल दबाव का फायदा उठाकर आरोपी ने कुल 6,70,000 रुपये ऐंठ लिए।

पति को दी धमकी, साइबर थाने में एफआईआर दर्ज

जब ठगी की रकम देने के बावजूद आरोपी की मांगें और धमकियां बंद नहीं हुईं, तब पीड़िता को अहसास हुआ कि वह साइबर अपराधियों के जाल में फंस चुकी हैं। आरोपी ने 17 नवंबर को पीड़िता के पति को भी फोन पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। लगातार मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। इंदु की लिखित शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने में धोखाधड़ी, रंगदारी और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस बैंक खातों के विवरण और मोबाइल नंबरों के आधार पर जालसाज की ट्रेसिंग में जुटी हुई है।

Dr. Bhanu Pratap Singh