आगरा। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 141वें स्थापना दिवस के अवसर पर आगरा में जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्ट्रेट स्थित वरिष्ठ कांग्रेस नेता हाजी जमील उद्दीन कुरैशी के निवास पर पार्टी ध्वज फहराया गया और उपस्थित कांग्रेसजनों ने देश के लोकतंत्र, संविधान तथा धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की रक्षा की शपथ ली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार ने की, जबकि संचालन नंदलाल भारती ने किया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर अपने विचार रखे।
पूर्व शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार ‘चिल्लू’ ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान में सत्ता पर काबिज सांप्रदायिक ताकतों के कारण भारत की धर्मनिरपेक्ष छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि देश के भीतर धर्म के नाम पर फैलाए जा रहे द्वेष और नफरत का असर विदेशों में रह रहे भारतीयों पर भी पड़ रहा है, जो अत्यंत चिंताजनक है।
जिला अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार ने कहा कि अब समय आ गया है जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर फासीवादी सोच और लोकतंत्र विरोधी ताकतों के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कांग्रेस के पूर्वज नेताओं ने देश को आज़ादी दिलाने के लिए संघर्ष किया, उसी तरह आज संविधान, लोकतंत्र और देश के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप की रक्षा के लिए लड़ाई आवश्यक है। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस देश के संवैधानिक मूल्यों को बर्बाद होते हुए नहीं देख सकती।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता हाजी जमील उद्दीन कुरैशी, ओम प्रकाश सिकरवार, अशोक शर्मा, रमेश पहलवान, धर्मवीर शर्मा, लाखन सिंह त्यागी, राहुल रावत, आई.डी. श्रीवास्तव, जलाल उद्दीन एडवोकेट, सोनू सक्सैना, नरेंद्र त्यागी, चंद्र मोहन पाराशर, जैकब भाई, नीलोफर बानो, हरीश शर्मा सहित अनेक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
अंत में सभी उपस्थित कांग्रेसजनों ने संगठन को मजबूत करने, पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। आगरा में कांग्रेस स्थापना दिवस का यह आयोजन उत्साह, एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश देकर संपन्न हुआ।
- आगरा में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कमला नगर पुलिस ने लोहिया नगर में मारा छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार - September 29, 2026
- Agra News: पैर में फ्रैक्चर होने के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ सकी महिला, एसीपी इमरान अहमद ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद - September 29, 2026
- आगरा में खूनी संघर्ष: नशे में हंगामा करने से रोकने पर देवर ने महिला के पेट में घोंपा चाकू, तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया - September 29, 2026