आगरा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनहितकारी नीतियों, विकास योजनाओं और मजबूत कानून व्यवस्था के चलते वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आगरा पहुंचे पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी मेहनत, निष्ठा और समर्पण के बल पर प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे शीर्ष पदों तक पहुंच सकता है।
आगरा क्लब के सामने स्थित ‘द रमाना ग्रांड’ में आयोजित संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं सीधे आम जनता के जीवन को बेहतर बना रही हैं। आयुष्मान भारत योजना, हर घर जल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा लोन, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं से करोड़ों लोग लाभान्वित हुए हैं। इन्हीं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के कारण जनता का सरकार पर भरोसा मजबूत हुआ है, जो 2027 के चुनाव में फिर भाजपा के पक्ष में दिखाई देगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में सुदृढ़ कानून व्यवस्था, नए-नए एक्सप्रेसवे, बेहतर एयर कनेक्टिविटी और रेल नेटवर्क के विस्तार से व्यापारी वर्ग और उद्यमी भी भाजपा के नेतृत्व पर भरोसा जता रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है, क्योंकि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका से ही भाजपा एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी।
इस बैठक की अध्यक्षता ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्ग विजय सिंह शाक्य ने की। प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगरा आगमन पर मथुरा जिला और आगरा जिला इकाइयों की ओर से भव्य स्वागत किया गया। जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया और महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में संगठन ने उनका जोरदार अभिनंदन किया।
मंच पर ब्रज क्षेत्र प्रभारी संतोष सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चहर, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, प्रदेश कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महामंत्री राम प्रताप चौहान, पूर्व सांसद राजू भैया, राज्य मंत्री अरुण, धर्मवीर प्रजापति, विजय शिवहरे, अंजुला माहौर, अमित वाल्मीकि, डीपी भारती, पूनम बजाज सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
बैठक में सांसद सतीश गौतम, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, जीएस धर्मेश, धर्मपाल सिंह, रानी पक्षालिका सिंह, छोटेलाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाहा, चौधरी बाबूलाल, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। राष्ट्रीय, प्रदेश, क्षेत्र, जिला और मोर्चा स्तर के पदाधिकारियों की व्यापक उपस्थिति ने संगठनात्मक एकजुटता और चुनावी तैयारी का स्पष्ट संदेश दिया।
- आगरा में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कमला नगर पुलिस ने लोहिया नगर में मारा छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार - September 29, 2026
- Agra News: पैर में फ्रैक्चर होने के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ सकी महिला, एसीपी इमरान अहमद ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद - September 29, 2026
- आगरा में खूनी संघर्ष: नशे में हंगामा करने से रोकने पर देवर ने महिला के पेट में घोंपा चाकू, तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया - September 29, 2026