आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका में एक बार फिर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आग लग गई है। मंगलवार को पेट्रोल की कीमत में 24.3 प्रतिशत और डीजल में 38.4 प्रतिशत की भारी बढ़ोत्तरी की गई। श्रीलंका विदेशी मुद्रा भंडार की कमी के कारण भीषण आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। इस कारण यह बढ़ोत्तरी की गई है। देश में पेट्रोल की कीमत में 82 रुपये और डीजल की कीमत में 111 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। इस बढ़ोत्तरी के बाद देश में पेट्रोल की कीमत 420 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 400 रुपये लीटर पहुंच गई है। हालांकि इसके बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल की कीमत भारत से कम है।
भारतीय करेंसी के हिसाब से श्रीलंका में पेट्रोल की कीमत 90.57 रुपये और डीजल की कीमत 86.15 रुपये लीटर है। वहीं दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 96.72 रुपये और डीजल की कीमत 89.62 रुपये है। एक भारतीय रुपया की कीमत श्रीलंका के 4.64 रुपये के बराबर है। श्रीलंका में 19 अप्रैल के बाद तेल की कीमत में यह दूसरी बढ़ोत्तरी है। इसके साथ ही सबसे अधिक इस्तेमाल किए जाने वाले ऑक्टेन 92 पेट्रोल की कीमत 420 रुपये (1.17 डॉलर) प्रति लीटर और डीजल की कीमत 400 रुपये (1.11 डॉलर) प्रति लीटर होगी, जो अब तक का उच्चतम स्तर है।
आईओसी ने भी बढ़ाई कीमत
भारत की प्रमुख तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) की श्रीलंकाई सहायक कंपनी लंका आईओसी (Lanka IOC) ने भी ईंधन की खुदरा कीमतों में वृद्धि की है। एलआईओसी के सीईओ मनोज गुप्ता ने कहा, ‘हमने सिलोन पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (सीपीसी) की बराबरी करने के लिए कीमतें बढ़ाई हैं।’ सीपीसी श्रीलंका में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनी है।
श्रीलंका का विदेशी मुद्रा भंडार (forex reserve) पूरी तरह खत्म हो चुका है। इससे देश में खाने पीने की चीजों, पेट्रोल-डीजल और दवाओं की भारी किल्लत हो गई है। श्रीलंका आईएमएफ से तीन से चार अरब डॉलर का बेलआउट पैकेज मांग रहा है। श्रीलंका ने पिछले हफ्ते विदेशी कर्ज के लोन के भुगतान में डिफॉल्ट किया था। कोलंबो स्टॉक एक्सचेंज ने बाजार में भारी गिरावट की आशंका को देखते हुए पांच दिन तक ट्रेडिंग रोकने की घोषणा की है।
-एजेंसियां
- दिल्ली पुलिस के ‘पीस बॉन्ड’ नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचीं AISA अध्यक्ष नेहा बोरा: CEC के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच तत्काल सुनवाई की मांग - October 19, 2026
- CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने Meta को दिया कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम और एल्गोरिदम ठीक करने का निर्देश - October 19, 2026
- आगरा श्रीरामलीला महोत्सव: “रणभूमि में मेघनाद का अंत; लक्ष्मण के प्रहार से धड़ाम गिरा रावण का पुत्र, गूंज उठे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष” - October 19, 2026