कोरोना काल के बाद लोगों की बदल गयी जीवनशैली, डिनर व सोने के समय में हुआ बदलाव – Up18 News

कोरोना काल के बाद लोगों की बदल गयी जीवनशैली, डिनर व सोने के समय में हुआ बदलाव

HEALTH

 

कोरोना काल के बाद लोगों के जीवन में कई बदलाव आए। इन बदलावों ने लोगों की सामाजिकता और मानसिकता पर असर डाला। कोविड काल में सबसे ज्यादा लोगों की जीवनशैली बदली। स्वास्थ्य को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ी। दुनियाभर में लोग अपनी सेहत को लेकर जागरूक हुए। जिन देशों में लेट नाइट कल्चर या डिनर आफ्टर थियेटर कल्चर जारी था, वहां भी स्वास्थ्य के प्रति लोग सचेत हुए।

एक रिपोर्ट के मुताबिक यूरोप और अमेरिका में लोग जल्दी डिनर करने लगे तो ब्रिटेन में भी डिनर आफ्टर थियेटर का कल्चर बदला। अब लोगों के रात के खाने के समय में बदलाव हुआ है। लोग जल्दी भोजन करने लगे हैं। इतना ही नहीं, लोगों में देर तक जागने की आदत भी कम हुई। अब लोग जल्दी सोने लगे हैं।

कोविड काल में वर्क फ्रॉम होम कल्चर के बाद जब लोगों को दफ्तर जाना हुआ तो कंपनियों ने आफिस की टाइमिंग सुबह जल्दी कर दी। इसका असर यह हुआ कि लोग शाम को जल्दी दफ्तर के काम से फ्री होकर घर आने लगे और जल्दी डिनर के बाद सोने की आदत डाली। देर रात तक जागने की आदत में बदलाव आया।

यूरोप, अमेरिका और ब्रिटेन समेत कई देशों में अब रेस्तरां में शाम 5 बजे से ही डिनर के लिए लोग पहुंच रहे हैं और लगभग 8 बजे तक रेस्तरां खाली हो जाते हैं। जल्दी डिनर करने या जल्दी सोने की आदत का सेहत पर गहरा असर होता है। आइए जानते हैं रात का खाना जल्दी खाने और देर रात तक जागने की आदत में बदलाव के सेहतमंद फायदों के बारे में।

डिनर करने का सही समय

सही समय पर लंच या डिनर करना सेहत के लिए फायदेमंद है। विशेषज्ञों के मुताबिक सोने से कम से कम तीन घंटे पहले डिनर जरूर कर लेना चाहिए। इससे खाने को पचने में आसानी रहती है और सेहत को कई फायदे होते हैं। ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर का एक आदर्श समय होता है। एक्सपर्ट के मुताबिक रात आठ बजे तक डिनर कर लेना चाहिए। इसके बाद कुछ नहीं खाना चाहिए। अगर आप डिनर नहीं कर पाए हैं तो कुछ हल्का फुल्का या सोने से पहले एक गिलास दूध का सेवन कर सकते हैं।

जल्दी डिनर के फायदे

जल्दी डिनर करने से डाइजेशन बेहतर होता है। खाने को आसानी से पचाया जा सकता है। सही पाचन प्रक्रिया के कारण एसिडिटी जैसी समस्या नहीं होती।

सोने से तीन घंटे पहले खाना खाने से अपच की समस्या दूर होती है, जो मोटापा तेजी से कम करने में मदद करती है। इससे वजन नियंत्रित रहता है।

खाने का सही समय होने पर आप सुबह का नाश्ता और लंच भी सही समय पर कर पाते हैं और डिनर का वक्त होते होते आपको अच्छी भूख लगती है और नींद भी बेहतर आती है।8 बजे तक डिनर कर लेने से हृदय मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार होता है।

जल्दी डिनर से डायबिटीज का खतरा भी कम होता है।
जो लोग ब्लड प्रेशर के मरीज होते हैं, उन्हें लंच और डिनर सही समय पर करना चाहिए। इससे रक्तचाप की समस्या पर लगाम लगती है।

रात में जल्दी भोजन करने से कब्ज की समस्या दूर हो सकती है।

रात में समय पर सोने के फायदे

जल्द डिनर के बाद अगर आप समय पर सोते हैं तो आपकी नींद पूरी होती है। मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए नींद पूरी होना बहुत जरूरी होता है। नींद पूरी न होने से अनिंद्रा की शिकायत हो सकती है, जो तनाव व अवसाद का कारण बनती है। आंखों में जलन, सिर दर्द की समस्या को बढ़ावा देती है। पर्याप्त नींद न लेने से मोटापा बढ़ता है। समय पर सोना और समय पर उठना दिल की बीमारी, हाई ब्लड प्रेशर, किडनी रोग, डायबिटीज और स्ट्रोक की समस्या से बचाव में सहायक है।

Dr. Bhanu Pratap Singh