आगरा। राज चौहान हत्याकांड के बाद यमुनापार इलाके में अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों के खिलाफ ऑपरेशन ‘क्लीन’ शुरू किया गया है, जिसकी कमान खुद पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने संभाल ली है। इस अभियान के तहत ट्रांस यमुना और एत्मादौला थाना क्षेत्रों के 33 शातिर अपराधियों को चिन्हित किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सूची में शामिल बदमाश हत्या, लूट, मारपीट, अवैध वसूली, सट्टा और संगठित अपराध जैसी गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। इन पर चौबीसों घंटे नजर रखने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं।
अभियान के तहत सिर्फ निगरानी ही नहीं, बल्कि अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही पुराने और आदतन अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज करने की तैयारी भी पुलिस ने शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि राज चौहान हत्याकांड के बाद क्षेत्र में लोगों के मन में असुरक्षा की भावना बढ़ी थी। इसी को देखते हुए ऑपरेशन ‘क्लीन’ को तेज गति से लागू किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था मजबूत हो और अपराधियों में सख्त संदेश जाए। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी अपराधी को राहत नहीं मिलेगी और यमुनापार को अपराध मुक्त बनाने के लिए निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
- लखनऊ में मोबाइल किश्त न चुकाने पर रिकवरी एजेंटों ने मजदूर को चार दिन तक बंधक बनाकर निकाला खून, गोमती में फेंकने की धमकी - September 15, 2026
- आगरा में NEET पास छात्र निकला ट्रेनों का शातिर चोर: गर्लफ्रेंड के कैंसर के इलाज और ऐशो-आराम के लिए खड़ा किया चोरी का नेटवर्क, 25 लाख के जेवर बरामद - September 15, 2026
- आगरा के प्राचीन श्री सिद्धिविनायक मंदिर में 66वें गणेश महोत्सव के तहत हुआ विशाल भंडारे का आयोजन, हजारों भक्तों ने पाई प्रसादी - September 15, 2026