एक्मा (ACMA) के 50वें स्वर्णिम स्थापना दिवस पर भव्य समारोह: ‘सुवर्णिका’ का विमोचन, व्यापारियों और सहयोगियों का हुआ सम्मान

PRESS RELEASE

आगरा। आगरा क्लॉथ मर्केंटाइल एसोसिएशन (एक्मा) ने अपने 50वें स्वर्णिम स्थापना दिवस को गरिमामय एवं ऐतिहासिक समारोह के रूप में मनाते हुए संगठन की आधी सदी की गौरवशाली यात्रा को नई ऊर्जा और नई दिशा देने का संकल्प लिया। वॉटर वर्क्स स्थित अग्रवन में आयोजित समारोह का मुख्य आकर्षण संस्था की 50 वर्षों की उपलब्धियों, संघर्षों एवं सफलताओं को समेटे ‘सुवर्णिका’ स्मारिका का भव्य विमोचन रहा। इसके साथ ही संस्था के संस्थापक, पूर्व एवं वर्तमान अध्यक्ष, वरिष्ठ कपड़ा व्यवसायियों, चिकित्सकों, कर एवं विधिक सलाहकारों तथा विशेष सहयोगियों का सम्मान कर उनके योगदान को नमन किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विशिष्ट अतिथि महापौर हेमलता दिवाकर, उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विशिष्ट अतिथि काशी प्रसाद शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

‘सुवर्णिका’ बनी 50 वर्षों की संघर्ष और सफलता की दस्तावेज़

कार्यक्रम के शुभारंभ में संस्था की स्मारिका ‘सुवर्णिका’ का विमोचन किया गया। वरिष्ठ कपड़ा व्यवसायी नंदकिशोर गोयल द्वारा संपादित इस स्मारिका में एक्मा की स्थापना से लेकर आज तक की स्वर्णिम यात्रा, संगठन के ऐतिहासिक आंदोलन, उपलब्धियां तथा आगरा के कपड़ा व्यापार को नई पहचान देने वाले प्रमुख व्यापारियों के योगदान का विस्तृत एवं प्रामाणिक विवरण प्रकाशित किया गया है। उपस्थित अतिथियों ने स्मारिका को संस्था की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके संपादन की सराहना की।

व्यापारियों की आवाज़ बनकर उभरी है एक्मा : राजकुमार गुप्ता

मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि एक्मा ने पिछले 50 वर्षों में केवल कपड़ा व्यापारियों को संगठित ही नहीं किया, बल्कि व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष भी किया है। उन्होंने कहा कि व्यापार किसी भी शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होता है और सरकार व्यापारियों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने संस्था की स्वर्णिम यात्रा पर शुभकामनाएं देते हुए इसे भविष्य में और अधिक सशक्त बनने की कामना की।

महापौर हेमलता दिवाकर ने कहा कि एक्मा ने व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई है। संस्था का 50 वर्षों का सफर नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।

उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि व्यापारिक संगठनों की मजबूती प्रदेश के आर्थिक विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि एक्मा ने अनुशासन, संगठन और समर्पण के बल पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने संस्था के संघर्षपूर्ण इतिहास की सराहना करते हुए कहा कि व्यापारियों की आवाज़ को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में एक्मा की भूमिका सदैव उल्लेखनीय रही है।

व्यापारियों की आवाज़ बुलंद करना ही हमारा संकल्प : टीएन अग्रवाल

एक्मा के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि एक्मा केवल एक व्यापारिक संगठन नहीं, बल्कि व्यापारियों के अधिकारों और सम्मान की सशक्त आवाज़ है। संगठन ने अपने स्थापना काल से ही व्यापारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और जीएसटी सहित विभिन्न व्यापारिक आंदोलनों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी एक्मा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

टीएन अग्रवाल ने संस्था के सभी संस्थापक सदस्यों, पूर्व पदाधिकारियों एवं वर्तमान कार्यकारिणी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक्मा की स्वर्णिम यात्रा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि हजारों व्यापारियों के विश्वास, सहयोग और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

उल्लेखनीय है कि टीएन अग्रवाल पिछले 35 वर्षों से न केवल आगरा बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के कपड़ा व्यापारियों की बुलंद आवाज़ रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1990 से 2005 तक एक्मा के महामंत्री के रूप में संगठन को नई दिशा दी तथा 2005 से 2014 और पुनः 2018 से वर्तमान तक अध्यक्ष के रूप में सफल नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं।

उनके नेतृत्व में संगठन ने व्यापारियों के हितों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण आंदोलनों का नेतृत्व किया। राम जन्मभूमि आंदोलन से लेकर प्रवेश कर सहित जीएसटी से संबंधित व्यापारिक समस्याओं और अन्य व्यापारिक मुद्दों पर संघर्ष करते हुए उन्होंने एक्मा को प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी एक प्रभावशाली व्यापारिक संगठन के रूप में स्थापित किया। उन्होंने

कर लगेगा कपड़ों पर, खून बिखरेगा सड़कों पर जैसे नारे देकर जीएसटी में छूट दिलाई थी। वर्तमान में वे उत्तर प्रदेश कपड़ा व्यापार संगठन के महामंत्री के रूप में भी प्रदेशभर के कपड़ा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

संस्थापकों और वरिष्ठजनों का हुआ विशेष सम्मान

समारोह में संस्था के संस्थापक सदस्य अशोक गोयल, पूर्व अध्यक्ष ओम टंडन तथा वर्तमान अध्यक्ष टीएन अग्रवाल का विशेष सम्मान किया गया। इसके अतिरिक्त आगरा के कपड़ा व्यापार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले वरिष्ठ व्यवसायियों रघुवीर शरण अग्रवाल, दिनेश चंद्र गोयल, अजीत सिंह वोहरा, नरेंद्र कुमार, अनिल कुमार जिंदल, सुनील विकल, राजकुमार जैन, विष्णु गर्ग, नंदकिशोर गोयल, कृष्ण अग्रवाल, शैलेंद्र गुप्ता, विश्वामित्र अरोड़ा, कन्हैया लाल गर्ग, राजेंद्र गोयल एवं महेश चंद्र गोयल को भी सम्मानित किया गया।

चिकित्सकों, सलाहकारों और सहयोगियों का भी हुआ अभिनंदन

संस्था द्वारा डॉ. अरुण गुप्ता, डॉ. मयंक अग्रवाल, डॉ. सुरभि गुप्ता, डॉ. डी.के. गर्ग, डॉ. मुदित खुराना एवं डॉ. प्रभात अग्रवाल को उनके निरंतर सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।

विशेष सहयोगी के रूप में सुनील कालरा, दीपक गोयल एवं कपिल शर्मा को सूरत में सफल व्यापार संचालन तथा संस्था से निरंतर जुड़े रहने के लिए सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त कर सलाहकार सतीश बंसल, दीपेंद्र मोहन तथा विधिक सलाहकार एडवोकेट वसंत गुप्ता को भी उनके महत्वपूर्ण सहयोग के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

इनके कुशल संचालन में संपन्न हुआ समारोह

कार्यक्रम की रूपरेखा बनाने से लेकर समारोह का प्रभावी , आकर्षक संचालन एवं व्यवस्थाओं का दायित्व निर्वहन महामंत्री संजय अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष बृजकिशोर अग्रवाल एवं मंत्री राजीव कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। उपाध्यक्ष माधव अग्रवाल, मंत्री विष्णु जैन आदि उपस्थित रहे ।

Dr. Bhanu Pratap Singh