20 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में अभिनेता राजपाल यादव को नोटिस

20 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में अभिनेता राजपाल यादव को नोटिस

ENTERTAINMENT


बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव को कौन नहीं जानता। उनका ह्यूमरस अंदाज और अभिनय दोनों ही कमाल का है। हाल ही में रिलीज हुई ‘भूल भुलैया 2’ में भी उनके पंडित वाले किरदार को खूब पसंद किया गया था। लेकन अब वह कानूनी पचड़े में फंसते दिखाई दे रहे हैं। एक्टर पर 20 लाख रुपये का धोखाधड़ी का आरोप है, जिसके बाद इंदौर पुलिस ने उनके खिलाफ नोटिस जारी किया है। कहा है कि एक्टर को 15 दिन के अंदर पुलिस के सामने पेश होना होगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुरिंदर सिंह नाम के एक बिल्डर ने एक्टर राजपाल यादव के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी थी। बताया था कि एक्टर ने उनके बेटे को फिल्म इंडस्ट्री में सपोर्ट करने और आगे बढ़ाने के लिए 20 लाख रुपये लिए थे लेकिन एक्टर ने ऐसा कुछ भी नहीं किया। उल्टा जब सुरिंदर पैसे मांगने के लिए उनके पास गए तो राजपाल यादव गायब हो गए। यहां तक कि उन्होंने फोन भी उठाना बंद कर दिया। पैसे वापस न मिलने से परेशान बिल्डर ने एक्टर के खिलाफ केस कर दिया। तुकोगंज थाने में कम्प्लेन फाइल की गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। नोटिस जारी कर राजपाल यादव को 15 दिन के अंदर पेश होने के लिए कहा।
पहले भी राजपाल यादव पर हो चुका है केस
बता दें कि यह पहला मामला नहीं है, जब राजपाल यादव का नाम पुलिस केस में आया हो। साल 2010 में राजपाल यादव एक फिल्म डायरेक्ट करने जा रहे थे। इसका नाम ‘अता-पता लापता’ था। इसे बनाने के लिए उन्होंने एक व्यक्ति से 5 करोड़ रुपए का लोन लिया था जिसे जल्द वापस करने का वादा किया गया लेकिन जब वह इस रकम को लैटा नहीं पाए तो लोन देने वाला व्यक्ति कोर्ट पहुंच गया। वहां ये तय हुआ कि राजपाल यादव 10 करोड़ 40 लाख की रकम लौटाएंगे, जो कि ब्याज के साथ है। कोर्ट की फटकार के बाद भी राजपाल यादव ने वो पैसे नहीं दिए। चेक दिया था, लेकिन वह भी बाउंस हो गया था। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें कोर्ट ने जेल भेजने का आदेश दिया था। हालांकि बाद में जमानत भी मिल गई थी।
राजपाल यादव की फिल्में
राजपाल यादव के वर्क फ्रंट की बात करें तो वह आखिरी बार Zee5 पर रिलीज हुई ‘अर्ध’ में वह रुबीना दिलैक के पति का रोल करते नजर आए थे। इसमें इन दोनों के अलावा हितेन तेजवानी भी थे। इससे पहले वह ‘भूल भुलैया 2’ में छोटा पंडित की भूमिका में दिखाई दिए थे। इन दोनों ही फिल्मों में उनको दर्शकों ने खूब पसंद किया था।
-एजेंसियां

Dr. Bhanu Pratap Singh