आगरा। शनिवार को उत्तर प्रदेश के परिवहन आयुक्त एवं जनपद आगरा के नोडल अधिकारी श्री बृजेश नारायण सिंह ने जिले की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, पारदर्शिता और गुणवत्ता का मूल्यांकन किया तथा जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत अछनेरा ब्लॉक के ग्राम गोबरा स्थित बृहद गौशाला से हुई। यहां उन्होंने भूसा, जल, छाया, पशु चिकित्सा सुविधा, हरा चारा एवं एनजीओ संचालन व्यवस्था की जानकारी ली। गौशाला में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर उन्होंने पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान एवं एनजीओ प्रतिनिधि को फटकार लगाई। खासतौर पर पेयजल की नियमित जांच न होने और बीमार गायों की उपेक्षा पर नाराजगी जताई गई। एनजीओ से करार में पारदर्शिता की कमी को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश भी दिए गए।
इसके बाद श्री सिंह ग्राम पंचायत अरदाया पहुंचे, जहां हर घर जल योजना की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने देखा कि ऊंचाई पर बसे परिवारों तक जल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने पुनः सर्वेक्षण, जलदाब सुधार और पोर्टल पर टेस्ट रिपोर्ट अपलोड करने के निर्देश दिए। महिलाओं से बातचीत में जल आपूर्ति में अनियमितता सामने आने पर उन्होंने सख्त नाराजगी प्रकट की।
441.79 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन सिविल टर्मिनल एयरपोर्ट का निरीक्षण करते हुए श्री सिंह ने एनओसी प्रक्रियाओं, भूमि अधिग्रहण और वैकल्पिक मार्ग निर्माण पर प्रगति की जानकारी ली। वृक्षारोपण, एन्वायरनमेंट क्लीयरेंस व कोर्ट में हलफनामा दाखिल करने की प्रक्रिया पर संतोष जताते हुए उन्होंने समयबद्ध निर्माण पर बल दिया।
अंत में उन्होंने कान्हा गौशाला, नारायच का दौरा किया, जहां 2619 गोवंश संरक्षित हैं। गौशाला की साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, ग्रीन नेट और स्प्रिंकलर व्यवस्था की उन्होंने सराहना की। साथ ही कंपोस्ट खाद और गोबर गैस जैसे नवाचारों को आयवर्धन के रूप में रेखांकित किया। गौ आश्रय पोर्टल पर अपडेशन की कमी पर उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को तत्काल निर्देश दिए।
निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) जुबेर बेग, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डीके पाण्डेय और एयरपोर्ट अथॉरिटी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर योगेन्द्र सिंह तोमर सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
- आगरा में ससुरालियों की शर्मनाक करतूत: बहू के बेडरूम-किचन में लगाए CCTV कैमरे, दहेज के लिए बच्चों संग निकाला - February 20, 2026
- Agra News: एम्बुलेंस से शराब की तस्करी, हरियाणा से प्रयागराज जा रही 46 पेटी अवैध शराब जब्त, 2 तस्कर दबोचे - February 20, 2026
- Agra News: सर्राफा बाजार में 176 किलो चांदी की बड़ी धोखाधड़ी, लखनऊ के व्यापारी पर आरोप, मुकदमा दर्ज - February 20, 2026