विपक्ष चाहे किसी से भी हाथ मिला ले यूपी में कमल ही खिलेगा: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद

POLITICS

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को मुरादाबाद के दौरे पर रहे। अपने इस प्रवास के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में हुए अभूतपूर्व विकास, सुशासन और जनहित के कार्यों को लेकर प्रबुद्धजनों और मीडिया से विस्तृत संवाद किया। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में डिप्टी सीएम ने आत्मविश्वास के साथ दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी न केवल जीत हासिल करेगी, बल्कि यह जीत 2017 के ऐतिहासिक आंकड़े को भी पीछे छोड़ देगी।

​बिना भेदभाव के विकास का मॉडल

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बिना किसी जातिगत भेदभाव के पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा, “500 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर निर्माण हो या जम्मू-कश्मीर से धारा 370 का खात्मा, हमारी सरकार ने हर बड़ा संकल्प पूरा किया है। देश की सुरक्षा को लेकर हमारी नीति स्पष्ट है; अगर कहीं भी आतंकवादी दुस्साहस हुआ है, तो उसका करारा जवाब दिया गया है।”

​अखिलेश यादव और गठबंधन पर निशाना

सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा किए जा रहे दावों पर चुटकी लेते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उन्हें ही कुछ लगता है, शायद उनकी पार्टी आज चुनाव लड़ने की वास्तविक स्थिति में भी नहीं है। गठबंधन की राजनीति पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष चाहे किसी से भी हाथ मिला ले, उत्तर प्रदेश की जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है और चुनाव के परिणाम में केवल ‘कमल’ ही खिलेगा।

ओवैसी की बहराइच रैली और विपक्ष की अन्य सक्रियताओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में भी उन्होंने दोहराया कि जनता का भरोसा प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर है, इसलिए किसी भी गठबंधन का असर नहीं पड़ेगा।

‘2047 तक भाजपा का संकल्प’

उपमुख्यमंत्री ने ऊर्जा संकट सहित अन्य चुनौतियों के समय सरकार द्वारा किए गए कुशल प्रबंधन की सराहना की। उन्होंने कहा कि 2047 तक ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के लिए भाजपा का सरकार में बने रहना अनिवार्य है। इसके अलावा, उत्तराखंड के देहरादून में हुई हालिया घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए केशव मौर्य ने कहा कि वहाँ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार पूरी तरह सतर्क है और उत्तर प्रदेश की तर्ज पर ही दोषियों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की जा रही है।

​इस दौरान डिप्टी सीएम ने विभिन्न सामाजिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा और आगामी चुनावों के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

Dr. Bhanu Pratap Singh