आगरा हौजरी मैन्युफैक्चरर्स एंड ट्रेडर्स ऑर्गेनाइजेशन की नई कार्यकारिणी गठित: लगातार चौथी बार राकेश बंसल बने अध्यक्ष, आलोक जैन महामंत्री और रूपेश जुनेजा को मिली कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी

PRESS RELEASE

सावन महोत्सव में उमड़ा उल्लास, उद्यमियों और व्यापारियों ने लिया दाल-बाटी का आनंद

आगरा। आगरा हौजरी मैन्युफैक्चरर्स एंड ट्रेडर्स ऑर्गेनाइजेशन की कार्यकारिणी के चुनाव रामलीला मैदान स्थित श्री राम हनुमान मंदिर में संपन्न हुए। चुनाव में संस्था के सदस्यों ने सर्वसम्मति से लगातार चौथी बार राकेश बंसल को अध्यक्ष चुना। उनके साथ आलोक जैन को महामंत्री तथा रूपेश जुनेजा को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव अधिकारी के रूप में बालकिशन माहेश्वरी एवं मुन्नालाल जैन ने चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई।

चुनाव के उपरांत संस्था के सभी उद्यमियों एवं व्यापारियों ने मिलकर सावन महोत्सव का आयोजन किया। सावन की उमंग और उल्लास के बीच सभी सदस्यों ने आपसी सौहार्द के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया तथा पारंपरिक दाल-बाटी का स्वाद चखा। पूरे आयोजन में व्यापारिक एकता के साथ सामाजिक और पारिवारिक वातावरण देखने को मिला।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष राकेश बंसल ने कहा कि संस्था ने लगातार चौथी बार जो विश्वास उन पर जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे सभी व्यापारियों और उद्यमियों को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे। हौजरी कारोबार से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संस्था की मजबूती उसके प्रत्येक सदस्य की एकजुटता में है और सभी को साथ लेकर व्यापार हित में कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

महामंत्री आलोक जैन ने कहा कि संस्था के सभी सदस्यों ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निर्वहन किया जाएगा। व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ हौजरी उद्योग एवं व्यापार से जुड़े विषयों को उचित मंच पर उठाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संगठन की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाकर प्रत्येक सदस्य को संस्था से जोड़ना उनका प्रमुख उद्देश्य रहेगा।

कोषाध्यक्ष रूपेश जुनेजा ने कहा कि संस्था की आर्थिक एवं संगठनात्मक मजबूती के लिए पारदर्शिता और सामूहिक सहभागिता के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में चंद्र मोहन माहेश्वरी, सत्य प्रकाश गुप्ता, विश्वनाथ जुनेजा, गोपाल माहेश्वरी सहित कार्यकारिणी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में उद्यमी और व्यापारी उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत बनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Dr. Bhanu Pratap Singh