naveen jain

मेयर को बोलो, समस्या का समाधान पाओ’- नगर निगम में कोई समस्या है तो नोट कर लें ये फोन नम्बर

POLITICS PRESS RELEASE REGIONAL

Agra, Uttar Pradesh, India. देश के आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का आज जन्मदिन है। आज उनके जन्मदिन को लोग किसी न किसी सेवा कार्य के रूप में मना रहे हैं। इसी कड़ी में हमने भी शहर और शहरवासियों की सेवा कार्य करने के लिए एक नया प्रयास किया है। इस सप्ताह जहां नगर निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा तो वहीं शहरवासियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए हम ‘मेयर को बोलो, समस्या का समाधान पाओ’ कार्यक्रम की शुरूआत करने जा रहे हैं।’’ ये बातें महापौर नवीन जैन ने आगरा नगर निगम के कार्यकारिणी कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में कहीं।



दरअसल शहर को क्लीन व ग्रीन आगरा के साथ-साथ नवीन आगरा बनाने में जुटे महापौर नवीन जैन ने जहां महानगर के सभी 100 वार्डों में विकास कार्य कराए हैं तो वहीं आगरा नगर निगम की कार्य व्यवस्था में काफी सुधार किया है। इसके अलावा महापौर नवीन जैन का हमेशा प्रयास रहता है कि नगर निगम सीमा के अंतर्गत सभी नागरिकों को वह सभी मूलभूत सुविधाएं मिले जिसका वह हकदार है। इतना ही नहीं महापौर नवीन जैन जनता से सीधे जुड़ने का भी प्रयास करते रहते हैं। इसके लिए महापौर ने ‘महापौर आपके द्वार’ जैसे अभियान चलाकर प्रत्येक वार्ड में गली-मोहल्ले और घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनी तो वहीं आगरा महानगर में 4 जोनल कार्यालय (ताजगंज जोन, लोहामंडी जोन, छत्ता जोन और हरीपर्वत जोन) की शुरुआत कर नगर ‘निगम आपके द्वार’ अभियान के माध्यम से जनता के और करीब पहुंचने का प्रयास किया है। इन अभियानों के माध्यम से महापौर शहर की जनता से न केवल सीधे जुड़े बल्कि उनकी समस्याओं को जाना और संबंधित अधिकारियों को अवगत करा कर उसका समाधान कराने का भी प्रयास किया।

लेकिन कई बार देखने में आया है कि लोगों में जागरूकता की कमी के चलते उनके क्षेत्रों में नगर निगम से सम्बंधित समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता या फिर महानगर में बने चार जोनल कार्यालय या नगर निगम के संबंधित विभाग में जो शिकायतें आती हैं उनमें से कुछ का निस्तारण नहीं हो पाता है या किन्हीं कारणवंश उस समस्या को संबंधित अधिकारी या कर्मचारी द्वारा गंभीरता से नहीं लिया जाता जिसके चलते उन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए अब ‘मेयर को बोलो’ कार्यक्रम अभियान की शुरुआत की जा रही है।
महापौर नवीन जैन ने बताया कि आज देष के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी का जन्मदिन है। पीएम मोदी जी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में नगर निगम सेवा सप्ताह के रूप में मनाते हुए अगले 7 दिनों शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलायेगा तो वहीं जन-जन तक नगर निगम की सुविधाओं को पहुंचाने और शहर के विकास में जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देष्य से ‘मेयर को बोलो’ कार्यक्रम का आज शुभांरभ किया जा रहा है। ‘मेयर को बोलो’ कार्यक्रम का आयोजन सप्ताह के प्रत्येक सोमवार को दोपहर सिर्फ़ 3 बजे से 4 बजे तक किया जाएगा। नगर निगम सीमा के अंतर्गत अपने क्षेत्र में पानी, स्ट्रीट लाइट, टैक्स, सीवर, जलभराव, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, सफाई आदि समस्याओं को लेकर शहरवासी फ़ोन नंबर 0562-2551600 पर उनसे फोन पर संपर्क कर सकेंगे और अपनी बात रख सकेंगे। संपर्क करने वाले लोग अपने उस प्रार्थना पत्र या शिकायती पत्र के बारे में जानकारी देते हुए फोन पर उन्हें बताएंगे कि उनकी क्या समस्या थी जिसका समाधान नहीं हुआ। इसके अलावा नगर निगम या शहर हित में वे अपना कोई सुझाव भी रख सकते हैं।



मेयर को बोलो’ कार्यक्रम के अंतर्गत महापौर नवीन जैन नगर निगम कार्यालय में बैठकर फोन के माध्यम से आम जन से जुड़ेंगे। इस दौरान महापौर के साथ में अपर नगर आयुक्त, स्वास्थ्य विभाग से सफाई की व्यवस्था देख रहे प्रभारी, सभी जोनल स्वच्छता अधिकारी एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रकाश विभाग से मुख्य अभियन्ता, सभी जोन के प्रभारी एवं अवर अभियन्ता मौजूद रहेंगे। गृह कर विभाग से कर निर्धारण अधिकारी, कर अधीक्षक एवं सभी जोन के प्रभारी मौजूद रहेंगे। निर्माण विभाग से मुख्य अभियंता एवं सभी अधिशासी अभियंता मौजूद रहेंगे। जलकल विभाग से सभी जोन के अधिषासी एवं अवर अभियंता एवं जोनल प्रभारी मौजूद रहेंगे। वबाग कंपनी के महाप्रबंधक, नेटवर्क मैनेजर एवं संबंधित जोन के प्रभारी मौजूद रहेंगे।

नगरायुक्त ने शहरवासियों से ये अपील की है कि यदि आपके क्षेत्र में नगर निगम से संबंधित कोई समस्या है तो अपने क्षेत्र के जोनल कार्यालय पर शिकायत जरूर दर्ज करायें। महापौर नवीन जैन उक्त समस्या के समाधान को लेकर की गई कार्रवाई की जांच करेंगे या उसका समाधान कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करेंगे। इस कार्यक्रम में जो भी समस्याएं या शिकायतें आएंगी, एक निश्चित समयावधि में संबंधित अधिकारी को उस समस्या का समाधान करना होगा। महापौर नवीन जैन मंशा के अनुरूप इस जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से नगर निगम सेवाओं को जन-जन तह पहुंचाने का प्रयास किया जायेगा।

अंत में महापौर नवीन जैन ने दोहराया कि ‘मेयर को बोलो’ कार्यक्रम ‘नगर निगम आपके द्वार’ अभियान के अन्तर्गत दूसरा चरण है। जिसमें इस वर्ष शुरू किये गये चारों जोनल कार्यालय पर जो भी समस्याएं और शिकायतें आई हैं, उनका निस्तारण हुआ या नहीं, इसका निरीक्षण किया जायेगा, साथ ही शिकायतकर्ता के द्वारा फोन पर अवगत कराने के बाद उनकी शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारी को निश्चित समयाविधि में समाधान करने का निर्देश दिया जायेगा। महापौर ने कहा कि ‘नगर निगम आपके द्वार’ अभियान के तीसरे चरण में महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में नगर निगम आगरा द्वारा शिविर लगाया जायेगा जिससे अधिक से अधिक जनसहभागिता हो और नगर निगम अपने दायित्वों पर खरा उतर सके।


इस मौके पर अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता, पार्षद दल के उप नेता मोहन सिंह लोधी, मुख्य सचेतक प्रकाश केसवानी उर्फ़ ‘शेराभाई’, सचेतक अनुराग चतुर्वेदी, पार्षद शरद चौहान, पार्षद आशीष पाराशर, पार्षद जगदीश पचौरी, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, पार्षद हरिओम गोयल आदि मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh