आगरा: ताजनगरी के होटल ताज कन्वेंशन सेंटर में कल यानी 30 मार्च को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के तत्वावधान में ‘द्वितीय प्रदेश स्तरीय व्यापारी महासम्मेलन एवं प्रदर्शनी’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस सम्मेलन का उद्देश्य व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान को मजबूती देना है। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डिप्टी सीएम और केंद्रीय मंत्री देंगे ‘सफलता का मंत्र’
आगरा जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि सम्मेलन का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील जे. सिंघी और केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल मौजूद रहेंगे, जो प्रदेश भर से आए व्यापारियों का मार्गदर्शन करेंगे।
छापेमारी और GST की जटिलताओं पर होगा मंथन
जिला प्रभारी राकेश गोयन ने व्यापारियों की पीड़ा साझा करते हुए बताया कि आज भी व्यापारी छापेमारी, श्रम कानून की पेचीदगियों और जीएसटी सरलीकरण न होने से त्रस्त हैं।
सम्मेलन में इन ज्वलंत मुद्दों पर चार विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे:
व्यापारी संवाद: व्यापारिक समस्याओं और उनके व्यावहारिक समाधान पर सीधी चर्चा।
MSME सत्र: विशेषज्ञों द्वारा सरकारी योजनाओं की जानकारी और प्रश्नोत्तरी सत्र।
शपथ ग्रहण: प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल द्वारा 486 पदाधिकारियों को पद की शपथ दिलाई जाएगी।
सम्मान समारोह: अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रदर्शनी और मनोरंजन का तड़का
बेलनगंज बाजार कमेटी के अध्यक्ष शैलेन्द्र जैन के अनुसार, स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जिलों के उत्पादों की एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। वहीं, व्यापारिक तनाव को कम करने के लिए लाफ्टर चैंपियन प्रताप सिंह फौजदार अपने चिर-परिचित अंदाज में वर्तमान व्यापारिक परिस्थितियों पर रोचक प्रस्तुति देंगे।
लकी ड्रा और भव्य समापन
बोदला बाजार कमेटी के अध्यक्ष सुधीर गोयल ने बताया कि सम्मेलन के समापन पर सहभागी व्यापारियों के लिए एक ‘लकी ड्रा’ का भी आयोजन किया गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विनोद अग्रवाल, रविकांत शर्मा, डॉ. त्रिलोकी अग्रवाल और नारायण बहरानी सहित व्यापार मंडल की पूरी टीम मुस्तैद है।
- आगरा के 76 पार्षदों की ‘दक्षिण यात्रा’: 55 लाख के सरकारी खर्च पर बेंगलुरु-मैसूर का स्टडी टूर, क्या बदलेगी शहर की सूरत? - March 28, 2026
- जेवर में गूँजा ‘हर-हर महादेव’: सीएम योगी बोले— “पीएम मोदी के विजन से जेवर बना ग्लोबल हब, किसानों के त्याग से खिंची विकास की नई लकीर” - March 28, 2026
- Agra News: यमुना तट पर गूंजा ‘विश्व शांति’ का शंखनाद, रिवर कनेक्ट कैंपेन के 13 साल पूरे, विशेष हवन और आरती से जगाई यमुना शुद्धि की अलख - March 28, 2026