आगरा। ताजनगरी में होली का पावन पर्व केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और प्रेम का माध्यम बन गया है। रविवार को शहर के विभिन्न कोनों में आयोजित समारोहों में कहीं राधा-कृष्ण की झांकियों ने मन मोहा, तो कहीं गौ-सेवा और बुजुर्गों के सम्मान ने उत्सव को नई गरिमा प्रदान की।
दयालबाग: खंडेलवाल परिवार का भव्य स्नेह मिलन
दयालबाग स्थित कल्याणी हाइट्स में खंडेलवाल परिवार द्वारा आयोजित समारोह में समाज की एकजुटता देखते ही बनी। कार्यक्रम का शुभारंभ श्याम मोहन गुप्ता, राज किशोर खंडेलवाल और अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने दीप प्रज्वलन कर किया। महिलाओं और बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। राज किशोर खंडेलवाल ने समाज को संगठित होकर खंडेलवाल क्लब के बड़े आयोजनों में भाग लेने का आह्वान किया। आयोजन में मनमोहन, प्यारेलाल और राजेश खंडेलवाल की प्रमुख भूमिका रही।
ट्रांस यमुना: डॉक्टरों का भक्तिमय रंगोत्सव
ट्रांस यमुना डॉक्टर एसोसिएशन ने श्री कृष्णा ऑडिटोरियम में भव्य रंगोत्सव मनाया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राधा-कृष्ण की झांकी और फूलों की होली रही। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विद्या गुप्ता की नृत्य प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. पियूष कुमार गुप्ता और डॉ. आलोक मित्तल ने सभी का स्वागत कर भाईचारे का संदेश दिया।
रामलाल वृद्धाश्रम: सेवा और आस्था का संगम
कैलाश मंदिर स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में श्री राधा दामोदर सेवा समिति का आठवां स्थापना दिवस सेवा कार्यों के साथ मनाया गया। विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल, राकेश गर्ग और राजकुमार गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। संस्थापिका आशा अग्रवाल के नेतृत्व में बुजुर्गों को सम्मानित किया गया और गौशाला में चारे की व्यवस्था की गई। वृंदावन के कलाकारों की फूलों की होली ने आश्रम के वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कमला नगर: हरिबोल सेवा समिति की ब्रज होली
संजय पार्क में श्री हरिबोल सेवा समिति द्वारा आयोजित समारोह में ब्रज की होली जीवंत हो उठी। इत्र वर्षा और अबीर-गुलाल के बीच महिलाओं ने लोकगीतों पर जमकर नृत्य किया। संस्थापक भोलानाथ अग्रवाल और अध्यक्ष केशव अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का समापन महाकाल की भव्य भस्म आरती के साथ हुआ, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष अनुभव रहा।
विश्व हिंदू महासंघ: संगठन और उत्सव
संजय प्लेस स्थित कार्यालय पर विश्व हिंदू महासंघ ने होली मिलन के साथ संगठन विस्तार पर चर्चा की। प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ तिवारी और अन्य पदाधिकारियों ने गौ-रक्षा और हिंदू समाज के हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
- अमेठी पुलिस पर ‘अजब’ आरोप: बिस्तर पर पड़ी 82 साल की बुजुर्ग महिला पर दर्ज कर दी FIR - March 9, 2026
- निश्चिंत होकर घर जाएं, समस्या मेरी जिम्मेदारी, जनता दर्शन में पीड़ितों से बोले मुख्यमंत्री योगी - March 9, 2026
- Agra News: औषधि विभाग की रडार पर माहेश्वरी कॉम्प्लेक्स के बंद गोदाम, सैंपल दवाओं के अवैध कारोबार की आशंका - March 9, 2026