आगरा। ताजनगरी के खेरागढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने ‘क्राइम कंट्रोल’ का नया ट्रेलर दिखाया है। शनिवार को ही कार्यभार संभालने वाले तेज-तर्रार इंस्पेक्टर हरीश शर्मा ने कमान संभालते ही अपराधियों को कड़ा संदेश दे दिया है। महज 24 घंटे के भीतर पुलिस टीम ने नाबालिग बालिका के अपहरण के चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहृता को भी दरिंदे के चंगुल से सकुशल मुक्त करा लिया है।
21 मार्च से चल रहा था ‘सर्च ऑपरेशन’
यह सनसनीखेज मामला 21 मार्च 2026 को खेरागढ़ थाने में दर्ज हुआ था। नाबालिग के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस लगातार आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रही थी। शनिवार को नए थाना प्रभारी हरीश शर्मा के आते ही टीम को इनपुट मिला कि आरोपी जयपुर के माली की बस्ती (थाना संजय सर्किल क्षेत्र) में छिपा बैठा है।
जयपुर में आधी रात दबिश, आरोपी चित
सूचना मिलते ही खेरागढ़ पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से जाल बिछाया और जयपुर में दबिश देकर आरोपी देवराज उर्फ तेजसिंह (निवासी जनपद भरतपुर, राजस्थान) को धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अपहरण जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली है।
नेतृत्व बदलते ही ‘एक्शन मोड’ में पुलिस
इस पूरी कार्रवाई का सबसे चर्चित पहलू इंस्पेक्टर हरीश शर्मा की कार्यशैली रही। चार्ज लेने के पहले ही दिन उन्होंने दिखा दिया कि खेरागढ़ में अब अपराधियों की खैर नहीं। गौरतलब है कि हरीश शर्मा पहले भी ताजगंज क्षेत्र में एक बच्ची की हत्या के आरोपी को एनकाउंटर में ढेर करने वाली टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा रह चुके हैं। उनकी इस त्वरित सफलता ने क्षेत्रीय अपराधियों में खौफ पैदा कर दिया है।
सराहनीय रही सर्विलांस और थाना पुलिस की जुगलबंदी
नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने इसे ‘हाई प्रायोरिटी’ पर रखा। तकनीकी दक्षता और अंतरराज्यीय समन्वय के दम पर पुलिस ने समय रहते बच्ची को सुरक्षित बचा लिया। खेरागढ़ की जनता अब पुलिस के इस नए और आक्रामक स्वरूप की सराहना कर रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
- यूपी विधानसभा चुनाव 2026: क्या ‘भगवान भरोसे’ नैया पार करेंगे राजनेता? कथाओं और धार्मिक आयोजनों के जरिए सियासत चमकाने की होड़ - September 17, 2026
- ’माफिया और मच्छर की तरह इंसेफेलाइटिस भी हुआ समाप्त’: सीएम योगी बोले— नए गोरखपुर और नए उत्तर प्रदेश का हो रहा दर्शन - September 17, 2026
- पेट्रोल पंपों पर बढ़ सकता है कैश का चलन: 2000 रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान पर 5 रुपये एमडीआर के विरोध में डीलरों ने दी चेतावनी - September 16, 2026