आगरा में रोशनी का दूत बना ‘लॉयंस क्लब आगरा विशाल’, नेत्र सेवा में जुटे विशेषज्ञों का हुआ सम्मान

PRESS RELEASE

आगरा। समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय ‘लॉयंस क्लब आगरा विशाल’ ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। आवास विकास कॉलोनी स्थित उडुपी वृंदावन रेस्टोरेंट में आयोजित एक विशेष अभिनंदन समारोह के दौरान क्लब ने अपने नेत्र सेवा अभियान के सफल समापन का जश्न मनाया। इस दौरान समाज के वंचित वर्ग को नई दृष्टि प्रदान करने में अपना अमूल्य योगदान देने वाले वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. असीम अग्रवाल का भव्य सम्मान किया गया।

क्लब अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि पिछले 30 वर्षों से संस्था लगातार नेत्र चिकित्सा शिविरों के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा कर रही है। वर्ष 2025-26 का सफर बेहद सफल रहा, जिसमें डॉ. असीम अग्रवाल के मार्गदर्शन में 1500 से अधिक मरीजों का निशुल्क परीक्षण किया गया और 81 लोगों की आंखों के जटिल ऑपरेशन सफलता पूर्वक संपन्न हुए। इन शिविरों में न केवल जांच और ऑपरेशन की सुविधा दी गई, बल्कि मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

क्लब के सचिव एवं कार्यक्रम संयोजक अजय मनचंदा ने डॉ. अग्रवाल के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में जब लोग अपने तक सीमित हैं, डॉ. अग्रवाल का सेवा भाव अनुकरणीय है। उन्होंने बताया कि क्लब के माध्यम से आने वाले प्रत्येक मरीज को बिना किसी खर्च के उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध कराया जाता है।

वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. असीम अग्रवाल ने बताया कि मोतियाबिंद के मरीजों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले इंपोर्टेड लेंस का खर्च उठाना एक बड़ी चुनौती होती है, जिसे क्लब के सहयोग से आसान बनाया गया है। उन्होंने गर्व से बताया कि पिछले 27 वर्षों में क्लब के साथ मिलकर वे अब तक लगभग 4 से 5 हजार नेत्र ऑपरेशन कर चुके हैं।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने भीषण गर्मी में आंखों के बचाव के लिए महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि तेज धूप और धूल से बचने के लिए धूप के चश्मे का प्रयोग करें। आंखों में नमी बनाए रखने के लिए ठंडे पानी के छींटे मारें और जरूरत पड़ने पर लुब्रिकेंट ड्रॉप्स का उपयोग करें। यदि आंखों में पसीना जाए, तो तुरंत स्वच्छ जल से धोएं।

​कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन में अजय बंसल, राजेश खंडेलवाल, प्रमोद खंडेलवाल, विष्णु गोयल, राकेश खंडेलवाल, नंद प्रकाश बंसल, सुनील बंसल, कपिल अग्रवाल, विजय सेठिया, शैलेंद्र गर्ग, प्रवीण बंसल, सुनील अग्रवाल और हेमेंद्र अग्रवाल सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh