गाजियाबाद। यूपी के गाजियाबाद जिले की लोनी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने शुक्रवार को गाजियाबाद स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि गुरुवार को कलश यात्रा के दौरान हुई घटना उनकी हत्या करने की साजिश थी। उन्होंने प्रदेश के एक बड़े अधिकारी पर अपनी हत्या का करने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी कहा है जब तक न्याय नहीं मिल जाता तब तक वह फटे हुए कपड़े नहीं बदलेंगे और नंगे पैर रहेंगे। भाजपा विधायक ने यह भी दावा किया कि अधिकारियों ने सीएम योगी आदित्यनाथ के ऊपर काला जादू कराया हुआ है।
जानकारी के अनुसार, लोनी में गुरुवार को कलश यात्रा निकाली जा रही थी। इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं कलश लेकर चल रही थीं। इस दौरान कलश यात्रा की परमिशन न लेने के मामले को लेकर पुलिस और विधायक के बीच विवाद हो गया था। पुलिस ने कलश यात्रा को रोका तो इस बात को लेकर झड़प हुई। आरोप है विधायक नंद किशोर गुर्जर के कपड़े तक फाड़ दिए गए।
इस मामले को लेकर विधायक नंद किशोर गुर्जर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित मीडिया सेंटर पहुंचे और अपनी बात कही। फटे कपड़े और नंगे पांव पहुंचे विधायक ने आरोप लगाए कि उन्हें पहले ही इस साजिश का आभास हो चुका था। लखनऊ बैठे एक उच्च स्तर के अधिकारी ने इसकी योजना बनाई थी।
उन्होंने कहा कि वह भ्रष्टाचार और गरीबों पर हो रहे अत्याचार का विरोध करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऊपर काला जादू कराया हुआ है। उन्होंने कहा कि जब तक इस घटना के आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती तब तक वह फटे कपड़े और नंगे पैर रहेंगे। इसी वेशभूषा में वह मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष से मिलेंगे और न्याय की मांग करेंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि उन्हें सरकार और पुलिस पर भरोसा नहीं है और अब उनका केवल केंद्र सरकार और न्यायपालिका पर ही विश्वास रह गया है।
-साभार सहित
- आगरा एमजी रोड मेट्रो बैरिकेडिंग पर गरमाया विवाद: पेड़ों की अनुमति से पहले सड़क घेरने पर मानवाधिकार कार्यकर्ता नरेश पारस ने उठाया सवाल - August 13, 2026
- बागपत में डबल मर्डर से सनसनी: 25 जुलाई से लापता दो दोस्तों के शव मंदिर के प्रांगण में गड्ढे से बरामद, पुजारी पर हत्या का आरोप, दो शिष्य गिरफ्तार - August 13, 2026
- यूपी विधानसभा चुनाव से पहले मास्टरस्ट्रोक की तैयारी: महिलाओं को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने पर चल रहा मंथन - August 13, 2026