आगरा: ताजनगरी के सर्राफा बाजार में एक बड़े विश्वासघात और गंभीर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र में एक चांदी व्यापारी ने अपने ही कारोबारी साथी पर करीब 48.73 लाख रुपये की चांदी हड़पने और भुगतान मांगने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
नमक की मंडी स्थित रोशन लाल प्लाजा के चांदी व्यापारी श्याम गुप्ता के अनुसार, नाला पीपल मंडी निवासी कुशल गुप्ता के साथ उनके पिछले कई वर्षों से व्यावसायिक संबंध थे। आपसी विश्वास के चलते दोनों के बीच लंबे समय से उधार-नकद का व्यापार चल रहा था। इसी भरोसे के आधार पर मई 2025 में श्याम गुप्ता ने कुशल गुप्ता को 98.625 किलोग्राम चांदी सप्लाई की थी, जिसकी बाजार कीमत 48 लाख 73 हजार 470 रुपये थी।
विश्वास का हुआ गलत फायदा
पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि माल डिलीवरी के बाद शुरुआत में तो कुशल गुप्ता ने भुगतान का आश्वासन दिया, लेकिन धीरे-धीरे उसने रकम लौटाने में टालमटोल शुरू कर दी। जब व्यापारी ने बार-बार बकाया राशि का तकादा किया, तो आरोपी का व्यवहार अचानक बदल गया।
धमकी: बच्चों का अपहरण और परिवार की हत्या
व्यापारी का आरोप है कि भुगतान मांगने पर कुशल गुप्ता ने न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि खुलेआम जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर में कहा गया है कि आरोपी ने साफ तौर पर कहा— “चांदी मेरे पास है, लेकिन भुगतान नहीं करूँगा। यदि दोबारा रुपये मांगे गए तो बच्चों का अपहरण करवा दिया जाएगा और पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा।” इस धमकी के बाद पीड़ित परिवार दहशत के साये में जीने को मजबूर है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस धोखाधड़ी और धमकी से जुड़े तमाम साक्ष्यों, बिलों, लेन-देन के रिकॉर्ड और अन्य सबूतों को खंगाल रही है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के दावों की गहन जांच की जा रही है। मामले में आर्थिक धोखाधड़ी के साथ-साथ जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आपराधिक आरोप शामिल हैं, इसलिए जांच हर पहलू को ध्यान में रखकर निष्पक्षता से की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सर्राफा कारोबारियों के बीच यह मामला चर्चा का केंद्र बना हुआ है, जिसने विश्वास आधारित व्यापार की नींव को हिलाकर रख दिया है।
- आगरा में सबसे कम आयु का स्वयंसेवक बना आकर्षण का केंद्र, 8 माह का हृदयम पूर्ण गणवेश में पहुंचा RSS के श्री गुरुदक्षिणा कार्यक्रम में - July 29, 2026
- ऑल आई नीड इज अ फेयर चांस…आईआईटी कानपुर में एडमिशन न मिलने पर छात्र ने हैक की संस्थान की वेबसाइट, निदेशक ने FIR के बजाय दिया ‘इंटर्नशिप’ का मौका - July 29, 2026
- यमुना तट पर गूंजेंगे ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष: दयालबाग स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में सावन महोत्सव के लिए हुआ भूमि पूजन - July 29, 2026