आगरा। श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत आयोजित गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और ब्रज की समृद्ध लोकसंस्कृति के अनुपम संगम का साक्षी बना। ब्रज के पारंपरिक लोकगीतों, भजनों और लोकधुनों की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। गिरिराज महाराज के जयकारों और राधे-कृष्ण के संकीर्तन से गुंजायमान गौशाला परिसर में श्रद्धालुओं ने भक्ति और उल्लास के साथ परंपराओं का निर्वहन किया।
गोवर्धन लीला के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की उस दिव्य लीला का भावपूर्ण स्मरण किया गया, जिसमें उन्होंने अपनी कनिष्ठिका पर गोवर्धन पर्वत धारण कर इंद्र के अहंकार का मर्दन किया और ब्रजवासियों को प्रकृति की महत्ता का संदेश दिया। यह लीला केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि इससे प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पर्यावरण संरक्षण और गौवंश के संवर्धन का शाश्वत संदेश भी दिया गया। सभी ने सामूहिक रूप से गाया – गिरिराज धरण, हम तेरी शरण।
ब्रज की लोकसंस्कृति इस आयोजन का विशेष आकर्षण रही।
‘चलो री सखी गोवर्धन धाम’ जैसे लोकभावों से ओतप्रोत गीतों के साथ राधा-कृष्ण की लीलाओं और गिरिराज महाराज की महिमा का गुणगान हुआ। ब्रजभाषा की मिठास, लोकधुनों की सहजता और गीतों में समाहित प्रेम, हास-परिहास एवं भक्ति ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो ब्रजभूमि की सांस्कृतिक छटा आगरा की धरती पर साकार हो उठी हो।
अन्नकूट महोत्सव में ब्रज की अनूठी धार्मिक संस्कृति के दर्शन कराए। भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग अर्पित करने की परंपरा अन्न के प्रति सम्मान, प्रकृति के उपकारों के प्रति कृतज्ञता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। प्रसाद की परंपरा सामाजिक समरसता, सेवा और परस्पर सद्भाव का संदेश भी देती है।
लीला में गौसेवा और प्रकृति संरक्षण के महत्व को भी रेखांकित किया। भगवान श्रीकृष्ण का गोवर्धन प्रसंग हमें सिखाता है कि प्रकृति और प्राणी जगत के साथ संतुलन बनाकर ही स्वस्थ एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है। गोवंश का संरक्षण, अन्न का सम्मान और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता आज के समय में भी उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी द्वापर युग में थी।
श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के माध्यम से ब्रज की प्राचीन धार्मिक, सांस्कृतिक और लोकपरंपराओं को जनमानस तक पहुंचाने का यह प्रयास भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बना। श्रद्धा, संगीत, लोकसंस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से परिपूर्ण गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव ने उपस्थित जनसमुदाय को भक्ति के साथ सामाजिक दायित्वों का भी स्मरण कराया।
राज्यमंत्री राकेश गर्ग मुख्य अतिथि थे।
समाजसेवी सुरेशचंद गर्ग (तपन),आर एन वर्मा (डिस्ट्रिक गवर्नर लायंस क्लब),अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल, नेशनल चेंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल, अरविंद शर्मा, अजय अवागढ़, मनोज जादौन, राजीव यादव, एडवोकेट अनिल गोयल आदि ने आरती उतारी।
सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र नाटक आज
श्री कृष्णा कमेटी के समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल के अनुसार श्री कृष्ण लीला के अंतर्गत शनिवार को सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र नाटक का मंचन किया जाएगा। आज की युवा पीढ़ी के लिए इस प्रकार के नाटक अत्यंत प्रेरक हैं।
श्री कृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, विजय रोहतगी, शेखर गोयल, पार्षद पूजा गिर्राज बंसल,मनोज बंसल, संजय अग्रवाल, ब्रजेश अग्रवाल आदि ने व्यवस्था संभाली।
- आगरा में श्रीकृष्ण लीला महोत्सव: ‘गिरिराज धरण हम तेरी शरण’ के जयकारों के साथ संपन्न हुआ गोवर्धन पूजा व अन्नकूट महोत्सव - November 21, 2026
- आगरा में श्रीकृष्ण लीला महोत्सव: ‘गिरिराज धरण हम तेरी शरण’ के जयकारों के साथ संपन्न हुआ गोवर्धन पूजा व अन्नकूट महोत्सव - November 21, 2026
- लायंस क्लब आकाश ने गौसेवा के लिए अर्पित किया 250 मन भूसा; फाउंड्री नगर की राधा-कृष्ण गौशाला में मासिक सेवा कार्य - November 20, 2026