आगरा: ताजमहल परिसर के बाद अब आगरा के एक और प्रमुख विश्व धरोहर स्थल आगरा किले से एक विशाल अजगर को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। उत्तर प्रदेश वन विभाग और वाइल्डलाइफ एसओएस (Wildlife SOS) की संयुक्त टीम ने एक त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आगरा किले के स्टाफ पार्किंग एरिया में पीवीसी पाइप के अंदर फंसे लगभग 7 फुट लंबे इंडियन रॉक पाइथन (अजगर) को बिना कोई नुकसान पहुंचाए सफलतापूर्वक बचाया।
सिक्योरिटी स्टाफ के अलर्ट पर तुरंत हरकत में आई टीम
20 नवंबर 2026 को ऐतिहासिक आगरा किले के एंट्रेंस गेट के पास स्थित कर्मचारियों की पार्किंग में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने एक पीवीसी पाइप के अंदर अजगर को फंसा हुआ देखा। संकरी जगह और अजगर की लंबाई को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी। साथ ही वाइल्डलाइफ एसओएस की आपातकालीन रेस्क्यू हेल्पलाइन (+91 9917109666) पर भी अलर्ट भेजा गया।
सूचना मिलते ही वाइल्डलाइफ एसओएस रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट की दो सदस्यीय टीम और वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य शुरू करने से पहले अधिकारियों ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित दूरी पर रोका ताकि ऑपरेशन बिना किसी खतरे या रुकावट के पूरा हो सके।
लगभग एक घंटे तक चले सतर्कतापूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अजगर को पीवीसी पाइप से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक जांच में पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने पर अजगर को उसके प्राकृतिक आवास (जंगल) में वापस छोड़ दिया गया।
एक ही महीने में यूनेस्को साइट्स पर दूसरा रेस्क्यू
उल्लेखनीय है कि चालू माह में आगरा की यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट पर अजगर रेस्क्यू का यह दूसरा मामला है। इससे पहले वाइल्डलाइफ एसओएस की टीम ने ताजमहल परिसर के पूर्वी गेट स्थित फोर्ट कोर्ट एरिया में सीआईएएसएफ (CISF) टॉयलेट के अंदर से लगभग 5 फुट लंबे अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया था।
सर्दियों में धूप सेंकने बाहर निकलते हैं सांप: विशेषज्ञ
वाइल्डलाइफ एसओएस के डायरेक्टर कंज़र्वेशन प्रोजेक्ट्स और हर्पेटोलॉजिस्ट बैजूराज एम.वी. ने इस प्रसंग पर जानकारी देते हुए बताया कि अजगर ‘एक्टोथर्मिक’ (शीत-रक्त वाले) जीव होते हैं। सर्दियों के मौसम में अपने शरीर का तापमान नियंत्रित रखने के लिए वे धूप सेंकने (बस्किंग) के उद्देश्य से बाहर निकलते हैं और सूरज की रोशनी जैसे बाहरी स्रोतों पर निर्भर रहते हैं। इसी दौरान वे कई बार खुले क्षेत्रों या इंसानी बस्तियों की ओर रुख कर लेते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं और न ही खुद पकड़ने का प्रयास करें, बल्कि प्रशिक्षित टीमों को सूचित करें।
वाइल्डलाइफ एसओएस की सह-संस्थापक और सचिव गीता शेषमणि ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध स्मारकों पर समय रहते किए गए ये सफल रेस्क्यू दिखाते हैं कि वन्यजीवों और मनुष्यों के बीच सह-अस्तित्व के लिए जागरूकता, करुणा और तत्परता कितनी जरूरी है।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित है प्रजाति
इंडियन रॉक पाइथन (पायथन मोलुरस) भारतीय उपमहाद्वीप में पाई जाने वाली सबसे बड़ी सर्प प्रजातियों में से एक है। यह अंतर्राष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) की रेड लिस्ट में ‘नियर थ्रेटेंड’ (लगभग खतरे में) श्रेणी में दर्ज है तथा CITES के अपेंडिक्स-I में शामिल है। भारत में इस प्रजाति को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के शेड्यूल I के तहत सर्वोच्च कानूनी सुरक्षा प्राप्त है।
- ताजमहल के बाद अब आगरा किले से अजगर का रेस्क्यू: पीवीसी पाइप में फंसे 7 फुट लंबे अजगर को वन विभाग और वाइल्डलाइफ SOS ने बचाया - November 21, 2026
- कमला नगर के श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में चौथे दिन विशेष अनुष्ठान: सांसद नवीन जैन ने पत्नी संग सौधर्म इंद्र बनकर अर्पित किए 32 अर्घ्य - November 21, 2026
- आगरा में श्रीकृष्ण लीला महोत्सव: ‘गिरिराज धरण हम तेरी शरण’ के जयकारों के साथ संपन्न हुआ गोवर्धन पूजा व अन्नकूट महोत्सव - November 21, 2026