कोलकाता। महानगर कोलकाता के आनंदपुर इलाके में 26 जनवरी की तड़के हुए भीषण गोदाम अग्निकांड ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। Wow! Momo के गोदाम और उससे सटे एक अन्य वेयरहाउस में लगी आग में अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 13 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। शवों की हालत इतनी खराब है कि उनकी पहचान डीएनए टेस्ट के जरिए कराई जाएगी।
यह भयावह हादसा 26 जनवरी की सुबह करीब 3 बजे नजीराबाद इलाके में हुआ। जानकारी के मुताबिक, एक गोदाम में सूखे फूल रखे थे, जबकि दूसरा क्विक सर्विस रेस्टोरेंट और पैकेज्ड फूड कंपनी Wow! Momo का वेयरहाउस था। दमकल विभाग का कहना है कि दोनों गोदामों में भारी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी, जिसके चलते आग ने बेहद तेजी से विकराल रूप ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि बाहर से आग बुझी हुई दिखने के बावजूद अंदर लंबे समय तक सुलगती रही, जिससे भीतर फंसे लोगों को बचाने में भारी मुश्किल आई। मलबा हटाने के दौरान जली हुई हड्डियां और मानव अवशेष मिलने से तबाही की भयावहता और साफ हो गई।
पहले दिन तीन शव बरामद हुए थे। इसके बाद अर्थ मूविंग मशीनों की मदद से मलबा हटाया गया, जिसमें 27 जनवरी की शाम तक कुल 16 शव निकाले जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार, अंदर अब भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है।
21 मजदूरों की गुमशुदगी दर्ज
घटना के बाद गोदाम में काम करने वाले मजदूरों के परिजन नरेंद्रपुर थाने पहुंचे और अपने परिजनों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। शुरुआत में 21 मजदूरों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की गई। इनमें से चार मजदूर एक-दूसरे को आवाज देकर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। बताया जा रहा है कि मृतक और लापता मजदूरों में बड़ी संख्या पूर्वी मेदिनीपुर जिले के रहने वालों की है।
बीजेपी विधायक और पूर्व क्रिकेटर अशोक डिंडा ने दावा किया कि हादसे के वक्त गोदाम में कम से कम 24 मजदूर मौजूद थे।
मुआवजे का ऐलान, जांच जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य मंत्री अरूप बिस्वास, सांसद सायनी घोष और सुजीत बोस ने मौके का दौरा किया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम भी घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
शवों की पहचान के लिए परिजनों के रक्त नमूने लेकर डीएनए जांच कराई जाएगी। Wow! Momo कंपनी ने पुष्टि की है कि हादसे में उसके दो कर्मचारी और एक कॉन्ट्रैक्ट पर तैनात सुरक्षा गार्ड की मौत हुई है। कंपनी ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा, आजीवन मासिक वेतन सहायता और मृतकों के बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने की घोषणा की है।
- यूपी MLC चुनाव में 5 सीटों पर हार के बाद बोले डिप्टी CM केशव मौर्य: “सपा का खाता वहां खुला, जहां नहीं खुलना था” - October 28, 2026
- आगरा के पोइया घाट पर रिवर रैंचिंग कार्यक्रम: केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने यमुना में छोड़ीं 50 हजार मछलियां - October 28, 2026
- यूपी-सिंगापुर पार्टनरशिप को मिली नई रफ्तार: सीएम योगी ने लखनऊ में 14 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ की बैठक; एमओयू पर हुए हस्ताक्षर - October 28, 2026