आगरा। ताजनगरी में होली के पावन पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के दावों के बीच हुड़दंग और हिंसा की खबरें सामने आई हैं। जनपद के अछनेरा और पिनाहट क्षेत्रों में महिलाओं से बदसलूकी और मामूली विवादों ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें महिलाओं समेत कुल 11 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल कराकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सांधन गांव: महिलाओं से बदसलूकी पर बवाल
थाना अछनेरा क्षेत्र के सांधन गांव में होली के दिन उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत करीब आठ युवकों ने गांव की बहू-बेटियों को जबरन गुलाल लगाने का प्रयास किया। जब परिवार के सदस्य इंद्र कुमार ने इस अभद्रता का विरोध किया, तो युवकों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में इंद्र कुमार सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
पिनाहट: चाऊमीन की दुकान पर ‘छुआछूत’ का आरोप
वहीं, दूसरी घटना थाना पिनाहट के गांव सेरब की है, जहाँ विवाद की वजह चौंकाने वाली रही। वाल्मीकि समाज के युवक बल्लो कुमार का आरोप है कि रामचरन की चाऊमीन की दुकान पर हाथ रखने को लेकर दबंगों ने आपत्ति जताई।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, दबंगों ने छुआछूत मानते हुए गाली-गलौज की और विरोध करने पर पूरे परिवार को लाठी-डंडों से पीट दिया। इस संघर्ष में करीब आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
पुलिस की कार्रवाई
दोनों ही मामलों में आगरा पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी त्योहार की आड़ में हुड़दंग या जातिगत भेदभाव करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
- लखनऊ से लेकर नोएडा तक बदल सकता है मौसम; पश्चिमी विक्षोभ लाएगा राहत की बौछारें, गिरेगा तापमान - March 26, 2026
- आगरा में दरिंदगी की हदें पार: 8 साल की मासूम की गला रेतकर हत्या, किराएदार के कमरे में कनस्तर से मिला शव - March 26, 2026
- वृंदावन में आश्रम उद्घाटन, मोहन भागवत ने जनसंख्या नीति पर विचार साझा किए - March 26, 2026